एनएचएम घोटाले में आईएएस नीरज के पवन सहित 5 के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल

15

जयपुर। राजस्थान में बहुचर्चित राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान (एनएचएम) घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तत्कालीन एनएचएम निदेशक आईएएस नीरज के. पवन सहित पांच आरोपियों के खिलाफ एसीबी न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया है।

जांच एजेंसी ने अदालत में करीब पांच हजार पन्नों के दस्तावेज भी पेश किए हैं। आरोप पत्र दाखिल होते ही मामले में लंबे समय से फरार आरोपी सुनील राठौड़ ने न्यायालय में समर्पण कर दिया।

मामला वर्ष 2016 में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए संचालित आरोग्य रथ से जुड़ा है। एसीबी के अनुसार आरोग्य रथों के संचालन को रिकॉर्ड में वास्तविकता से अधिक दिनों तक दिखाकर फर्जी बिल तैयार किए गए और करीब एक करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान उठाया गया।

जांच में सामने आया कि रथों के संचालन से जुड़े रिकॉर्ड में बड़े स्तर पर हेरफेर किया गया। आरोप पत्र में नीरज के पवन के अलावा लेखाधिकारी जोजी वर्गीस, सहायक लेखापरीक्षा अधिकारी (एएओ) दीपा गुप्ता, दलाल अजीत सोनी और सुनील राठौड़ को आरोपी बनाया गया है। वहीं टेंडर फर्म संचालक सुरेंद्र सिंह के खिलाफ जांच लंबित रखी गई है।

एसीबी की जांच के मुताबिक आरोग्य रथ के लिए शुरुआती बजट करीब एक करोड़ 60 लाख रुपए था, जिसे बढ़ाकर करीब पांच करोड़ रुपए किए जाने का आरोप है। फर्मों से 17 फीसदी कमीशन लिए जाने का आरोप भी जांच में सामने आया है। मामले में जांच जारी है।