जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के भव्य ग्रैंड फिनाले में केरल की कैजिया लीज मेजो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।
जयपुर में रविवार को मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का भव्य ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। देशभर से चयनित 52 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। सौंदर्य, प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और भारतीय संस्कृति के शानदार संगम से सजे इस आयोजन में केरल की कैजिया लीज मेजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।
कैजिया लीज मेजो ने अपने आत्मविश्वास, प्रभावशाली व्यक्तित्व, बुद्धिमत्ता और मंचीय प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि गुजरात की अनुश्री सातवलेकर तीसरे स्थान पर रहीं।
खिताब जीतने के साथ ही कैजिया लीज मेजो अब अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने कहा कि यह खिताब मेरे लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय मंच पर करना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। मैं इस अवसर के माध्यम से भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की शक्ति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करूंगी।
मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य देश के विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाशाली युवतियों को ऐसा राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन और जयपुरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय जनसंपर्क निदेशक सर्वेश कश्यप ने कहा कि जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का भव्य समारोह राजस्थान की मेहमाननवाजी, संस्कृति और देश की प्रतिभाशाली बेटियों के आत्मविश्वास का शानदार उत्सव रहा। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से भारतीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास लगातार जारी है।
ग्रैंड फिनाले में बॉलीवुड अभिनेत्री और पहली भारतीय मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन, अभिनेत्री एवं मिस यूनिवर्स इंडिया की विजेता उर्वशी रौतेला तथा पूर्व मिस यूनिवर्स फर्स्ट रनर-अप और अभिनेत्री सेलिना जेटली समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 और 2025 की विजेता क्रमशः रिया सिंघा और मणिका विश्वकर्मा भी समारोह में मौजूद रहीं।
आयोजकों के अनुसार, समारोह में देशभर की 52 प्रतिभागियों के अलावा विश्वभर से करीब 800 फैशन डिजाइनर और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में फैशन, मनोरंजन और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की सुंदरता और फैशन के साथ उनकी सामाजिक सोच, नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल और आत्मविश्वास को भी विशेष महत्व दिया गया।
कैजिया लीज मेजो अब अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि वह विश्व मंच पर भारत की संस्कृति, विविधता और प्रतिभा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगी तथा इस बार मिस यूनिवर्स का ताज भारत लाने में सफल होंगी।



