कोटा। राजस्थान में कोटा शहर से सटे रानपुर थाना क्षेत्र में स्थित पूनियां देवरी में सोमवार को सरकारी स्कूल के बच्चों की पोषाहार खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पोषाहार अन्नपूर्णा रसोई द्वारा ही स्कूल तक पहुंचाया गया था। बच्चों ने लंच में इसे खाया और थोड़ी देर बाद ही उन्हें उल्टी की शिकायत हो गई थी। ऐसे में एक के बाद एक 27 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से पांच बच्चों को कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि शेष बच्चों को रानपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
इस घटना की सूचना मिलने के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। उधर, शिक्षा विभाग के आला अधिकारी भी स्कूल पहुंचे गए और मामले की जांच की। मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी पहुंच गए हैं।
थाना अधिकारी रमेश कविया ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि स्कूल में बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद वह भी स्कूल में गए थे और वहां शिक्षकों से जानकारी ली है। बच्चों को मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल भी भेजा गया है और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी उपचार करवाया गया है। पूनियां देवरी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रिंसिपल चंद्र प्रकाश मीणा ने कहा कि केबल नगर अन्नपूर्णा रसोई से सात-आठ स्कूल में पोषाहार की आपूर्ति होती है।



