मुंबई। मुंबई के विले पार्ले में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित जिम्नास्टिक प्रशिक्षक के खिलाफ 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग छात्रा आरोपी से जिमनास्टिक का प्रशिक्षण ले रही थी। आरोपी कोच(48) द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता भी है और छात्रा कई सालों से उससे प्रशिक्षण ले रही थी। बताया जा रहा है कि वह कॉलेज की छात्रा है।
पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर प्रशिक्षक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है और शिकायतकर्ता तथा मामले से जुड़े अन्य लोगों के बयान दर्ज कर रही है। घटना की परिस्थितियों और उसके बाद पुलिस की कार्रवाई के बारे में और जानकारी का इंतजार है।



