नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक व्यवसायी के घर पर बॉलीवुड फिल्म स्पेशल 26 की तर्ज पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का फर्जी छापा मारने के आरोप में बार और रेस्तरां में गाने वाली एक गायिका, पूर्व बैंक कर्मचारी और जम्मू-कश्मीर की एक महिला समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए सात आरोपियों की पहचान बार और रेस्तरां की पूर्व गायिका पूजा अग्रवाल, पूर्व बैंक कर्मचारी कुलदीप शर्मा (63), इलेक्ट्रॉनिक्स मरम्मत का काम करने वाले पूर्व मैकेनिक चंदर प्रकाश शर्मा (38), जम्मू-कश्मीर की निवासी आसिफा (29) और बेरोजगार शुभम उर्फ गोलू (25), राजवीर सिंह (21) और नितिन शर्मा (30) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि प्रशांत विहार निवासी प्रथम अग्रवाल की शिकायत के अनुसार 11 अगस्त की रात करीब 10 बजे छह पुरुषों और दो महिलाओं सहित आठ लोगों का एक समूह उनके घर के बाहर पहुंचा और खुद को सीबीआई अधिकारी बताया।
इन लोगों ने दावा किया कि वे छापा मारने आए हैं और फर्जी सीबीआई पहचान पत्र दिखाते हुए घर में दाखिल होने की मांग करने लगे। पुलिस के अनुसार जब शिकायतकर्ता और उनकी मां ने उनसे उचित प्राधिकार पत्र या सर्च वारंट दिखाने को कहा, तो आरोपियों ने उन्हें डराया और धमकाया। यह गिरोह लगभग डेढ़ घंटे तक पीड़ित के घर के बाहर मौजूद रहा, जिससे वहां डर का माहौल बन गया। पड़ोसियों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी वहां से हट गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर मामले की सूचना दी।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सीबीआई नोटिस और अन्य प्रासंगिक सामग्री एकत्र कर उनका विश्लेषण किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी गिरोह लोगों को डराने-धमकाने और उनसे पैसे या कीमती सामान ऐंठने के लिए सीबीआई अधिकारी बनकर फर्जी पहचान का सहारा लेता था। संदेह है कि आरोपी पिछले लगभग तीन से चार महीनों से इस तरह की गतिविधियों में शामिल थे।



