किशनगढ़ में विकास यात्रा को और तेज करने के लिए पुनः भाजपा का बोर्ड बनाना होगा : भागीरथ चौधरी

0

अजमेर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास की डबल इंजन सरकार ने किशनगढ़ को नई गति दी है और अब इस विकास यात्रा को और तेज करने के लिए किशनगढ़ में पुनः भाजपा का बोर्ड बनाना होगा।

चौधरी सोमवार को अजमेर जिले में किशनगढ़ नगर परिषद चुनाव-2026 के तहत भाजपा मदनगंज एवं किशनगढ़ मंडल के संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि किशनगढ़ नगर परिषद में भाजपा बोर्ड ने पिछले कार्यकाल में गली-सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और शहर के सौंदर्यीकरण सहित विकास के अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहाकि नगर परिषद के सभी 60 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों की विजय सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क करे और संगठन की शक्ति को बूथ स्तर तक मजबूत बनाए।

इस अवसर पर भाजपा अजमेर संभाग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और सशक्त संगठन है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाकर भाजपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करनी होगी। सम्मेलन में आगामी निकाय चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की गई।