डीग। राजस्थान में डीग के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक को एक फोटो से छेड़छाड़ के कारण तीन दिन हवालात में गुजारना पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इकलेरा गांव का पेशे से चालक धर्मेंद्र शर्मा ने मोबाइल फोन हाथ में लेकर अपनी फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड की थी। उत्तर प्रदेश के दो युवकों ने शरारतन उसकी फोटो में छेड़छाड़ करके मोबाइल फोन के स्थान पर पिस्तौल पोस्ट कर दी। यह फोटो तेजी से वायरल हो गई।
सूत्रों ने बताया कि पिस्तौल वाली फोटो पुलिस की जानकारी में आई तो पुलिस ने धमेंद्र शर्मा को हिरासत में ले लिया। धर्मेंद्र और उसके परिजन उसे बेगुनाह बताते हुए गुहार लगाते रहे, लेकिन पुलिस ने उसे लॉकअप में डाले रखा।
बाद में धर्मेंद्र के परिजनों ने पुलिस को मूल फोटो दिखाई और फोटो को सम्पादित करके पिस्तौल चिपकाने वाले उत्तर प्रदेश के दो युवकों के बारे जानकारी दी, तब जाकर पुलिस ने उसे छोड़ा। तीन दिन तक धर्मेंद्र पुलिस हिरासत में प्रताड़ना सहता रहा। पीड़ित के परिजनों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मामले की जांच की मांग की है।



