कोटपुतली में जाली नोटों के गिरोह का मुख्य आपूर्तिकर्ता अरेस्ट

1

कोटपुतली-बहरोड़। राजस्थान में कोटपुतली-बहरोड़ जिले के कोटपुतली थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाली नोटों के मुख्य आपूर्तिकर्ता चिराग भारद्वाज (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और जाली नोट तैयार करने के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि 23 अगस्त को निशीकान्त गुप्ता और राहुल सैनी से 500-500 रुपए के कुल 135 जाली नोट बरामद किए थे। उनसे पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पिछले दो दिनों से कोटपूतली के बाजार में नकली नोट चलाकर उसके बदले असली नोट हासिल कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से नकली नोटों के जरिए प्राप्त 14 हजार 440 रुपए के असली नोट बरामद किए।

उन्हाेंने बताया कि उनसे पूछताछ के बाद चिराग भारद्वाज निवासी जोनायचा खुर्द, थाना शाहजहांपुर, हाल निवासी धारूहेड़ा, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। जाली नोट तैयार करने वाले गिरोह और इससे जुड़े अन्य आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।