जयपुर। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर प्रशासनिक मशीनरी और नौकरशाही के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
डोटासरा ने बुधवार को यहां मीडिया से बातचीत में यह आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की जगह एसडीएम के जरिए फीडबैक लेकर टिकट देने की तैयारी कर रही है, यदि ऐसा है तो भाजपा फिर तो खत्म हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने खुद के कार्यकर्ताओं और नेताओं पर भरोसा नहीं है, इसलिए वह टिकट वितरण और जीतने वाले संभावित उम्मीदवारों का फीडबैक लेने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की बजाय प्रशासनिक अधिकारियों का उपयोग कर रही है।
उन्होंने कहा कि नौकरशाही को इसमें शामिल नहीं होना चाहिए और अगर ऐसा होता हैं तो इसका पुरजोर विरोध किया जायेगा। उन्होंने कहा कि हमने भी टिकट बांटे हैं लेकिन अपने कार्यकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर बांटे हैं और आगे भी ऐसा ही करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के शासन में आम जनता त्रस्त है, अस्पतालों में दवाइयां नहीं मिल रही हैं और स्कूलों की स्थिति खराब है। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है और निकाय चुनावों की तैयारियों के तहत कार्यकर्ताओं से लगातार फीडबैक ले रही है।
डोटासरा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि निकाय चुनाव के चलते कई समाज के लोग कांग्रेस से मिले हैं और वे चुनाव में पार्टी का सहयोग करेंगे तो हम उनका स्वागत करेंगे।



