प्रतापगढ़ की पिपलखूंट तहसील में पटवारी 6000 रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

0

प्रतापगढ़। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को प्रतापगढ जिले में पिपलखूंट तहसील में पटवार हल्का केलामला के पटवारी मदन लाल (अतिरिक्त चार्ज ग्राम पंचायत रोहणिया) को छह हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत की कि उसके गांव के लोगों एवं परिवादी तथा उसके परिवार वालों से प्रत्येक पट्टा ऑनलाइन करने एवं मौका देखने की एवज में पटवारी दो-दो हजार रुपये के हिसाब से छह हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा है।

इस पर रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया जिसमें पटवारी द्वारा तीन पट्टे ऑनलाइन करने एवं मौका देखने की एवज में प्रत्येक पट्टा दो हजार रुपए के हिसाब से छह हजार रुपए की रिश्वत राशि की मांग की गई।

इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रेप कार्यवाही करते हुए पटवारी को छह हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान तलाशी लेने पर आरोपी पटवारी के पास से 25068 रुपए भी मिले जिसके सम्बन्ध में वह कोई सन्तोषप्रद जवाब नहीं दे सका। एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।