शादी से इंकार पर श्रेया की हत्या, मेरी बहू बनकर ही रहेगी धमकी देने वाला आरोपी अरेस्ट

0

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में राजातालाब थाना क्षेत्र के चर्चित श्रेया उपाध्याय (22) हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने गुरुवार को रामसहाय चौबे (65) को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी और उसका पुत्र विवेक चौबे उर्फ निखिल अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें लगाकर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार मरुई निवासी श्रेया 18 अगस्त को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। 20 अगस्त को उसका शव रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा स्थित एक मकान से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद राजातालाब थाने में मुकदमा अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने 24 अगस्त को मुठभेड़ के दौरान पहले आरोपी पुनीत मिश्रा (26) को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर राजातालाब पुलिस ने जमुआ तिराहा रेलवे क्रॉसिंग के पास से वांछित आरोपी रामसहाय चौबे पुत्र स्वर्गीय मंगला प्रसाद चौबे, निवासी नियारडीह, थाना चोलापुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की विवेचना में हत्या के पीछे शादी से जुड़ी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक रामसहाय अपने पुत्र विवेक चौबे उर्फ निखिल की शादी श्रेया से कराना चाहता था। श्रेया के परिजनों ने इस रिश्ते से इनकार कर उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। आरोप है कि इससे नाराज रामसहाय ने श्रेया के परिवार को धमकी देते हुए कहा था कि श्रेया यदि धरती पर रहेगी तो मेरी बहू बनकर ही रहेगी।

पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई। विवेचना के अनुसार विवेक चौबे उर्फ निखिल मुख्य साजिशकर्ता है। उसकी गिरफ्तारी के लिए वाराणसी के अलावा अन्य जिलों में भी दबिश दी जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि फरार मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।