अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक पिकअप के पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हाे गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप में सवार लोग मेरठ से पेड़ लेकर राजगढ़, अलवर स्थित एक निजी फार्म हाउस में लगाने के लिए जा रहे थे। सिरमौर पुलिया के पास एक ट्रक ने पिकअप को ओवरटेक किया। इसी दौरान पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
चालक उजैर ने बताया कि हादसे के समय पिकअप के केबिन में वह और औरंगजेब बैठे थे, जबकि पीछे तीन लोग सो रहे थे। दुर्घटना में पीछे सो रहे शाहदाव (45), शबाहत (25) और अफसर (22), की मौत हो गई। वहीं खुद चालक उजैर और उसके साथ बैठे औरंगजेब घायल हो गए। सभी मवाना, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव शवगृह में रखवाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
चोरों ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर जेवरात और नकदी उड़ाई
अलवर के सदर थाना क्षेत्र अपनाघर शालीमार आवासीय सोसायटी के जी प्लस-2 में रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक फ्लैट को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पीड़िता सुधि शर्मा पूर्वाह्न करीब 10 बजे अपने पति नवीन शर्मा के साथ ससुराल गई थी। शाम करीब पांच बजे लौटने पर फ्लैट का दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर चोरी का पता चला। सीसीटीवी फुटेज में करीब डेढ़ बजे एक संदिग्ध व्यक्ति फ्लैट की ओर जाते हुए दिखाई दे रहा है।
चोर फ्लैट से करीब 18 ग्राम सोने के दो जोड़ी टॉप्स, 54 ग्राम सोने की चार चूड़ियां, दो जोड़ी चांदी की पायल, 25 चांदी के सिक्के, दो चांदी की चेन, दो चांदी की अंगूठियां, दो चांदी के ब्रेसलेट और करीब 26 हजार रुपए नकद चोरी करके ले गए।
चोरी किए गए सामान की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। इसी दिन दोपहर सोसायटी के एक अन्य फ्लैट के भी ताले टूटे मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।


