भरतपुर जिले की अदिति ने यूजीसी परीक्षा में देशभर में पहला स्थान पाया

0

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर जिले के बयाना के कनावर गांव की निवासी अदिति शर्मा द्वारा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की जून में आयोजित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा के कंप्यूटर साइंस विषय में अखिल भारतीय स्तर पर अपने पहले ही प्रयास में पहली रैंक हासिल करने पर इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अदिति शर्मा ने परीक्षा में कुल 300 अंकों में से 296 अंक प्राप्त किए हैं। अदिति की इस सफलता पर उनके परिवार और गांव में हर्ष का माहौल है। अदिति ने कंप्यूटर साइंस विषय में बीटेक किया है। इस उपलब्धि के साथ, वह अब कनिष्ठ अनुसंधान अध्येतावृत्ति के माध्यम से शोध कार्य कर सकेंगी।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ ही उन्होंने देश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सहायक आचार्य पद के लिए भी पात्रता हासिल कर ली है। अदिति के पिता योगेश कुमार शर्मा एक सरकारी शिक्षक हैं और उनकी मां सुचित्रा पांडेय गृहिणी हैं। परिवार के अनुसार अदिति शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और परिश्रमी रही हैं। देशभर में शीर्ष स्थान प्राप्त करके उन्होंने अपने परिवार और बयाना क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।