करौली में मिनी बस की चपेट में आने से दम्पती सहित 3 लोगों की मौत

0

करौली। राजस्थान में करौली जिले के श्रीमहावीरजी थाना क्षेत्र में दुब्बी रोड पर बुधवार को सुबह मिनी बस की टक्कर से मोटर साइकिल पर सवार दम्पती सहित तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान किशोरपुरा गांव के भगवत (60), उनकी पत्नी भगवानी कोली (55) और उनके रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण कोली (28) के रूप में हुई है। हादसे के शिकार पति-पत्नी अपने रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण के साथ मोटर साइकिल पर बालघाट की ओर जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार में आ रही मिनी बस ने उनकी मोटर साइकिल को चपेट में ले लिया। इससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। हादसे से गुस्साए परिजनों और लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। बस चालक की गिरफ्तारी और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस के समझाने पर परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए सहमत हुए।