दौसा में 33 लाख की स्मैक के साथ पांच तस्कर अरेस्ट

0

दौसा। राजस्थान के दौसा में पुलिस ने करीब 33 लाख रुपए कीमत की 164.52 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत दौसा पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। इस दौरान संयुक्त पुलिस टीम ने स्मैक की तस्करी में लिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की है। आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त एक लाख 34 हजार रुपए भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस टीम ने लालसोट बाईपास स्थित मस्जिद के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-21 दौसा पर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करते हुए अमर सिंह सैनी (38) निवासी बसवा, दौसा, हरिराम उर्फ डॉक्टर (35) निवासी राजगढ़ (अलवर) हाल बसवा, विक्रम (28) , सौरभ (27) निवासी टहला (अलवर) एवं आकाश उर्फ लाला (27) निवासी राजगढ़ (अलवर) को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 164.52 ग्राम स्मैक तथा इसकी बिक्री से प्राप्त एक लाख 34 हजार रुपए नकद बरामद हुए। तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अकलेरा, झालावाड़ क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ लेकर आ रहे थे। पुलिस अब बरामद स्मैक के स्रोत तथा इसके आगे के आपूर्ति नेटवर्क के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थ की तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए अनुसंधान जारी है।

जयपुर में अवैध अंग्रेजी मदिरा की खेप पकड़ी, एक अरेस्ट

जयपुर। राजस्थान में आबकारी विभाग ने जयपुर में अवैध अंग्रेजी मदिरा की खेप बरामद करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आबकारी विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि जयपुर में एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 20 पेटियों में 198 बोतल जब्त की गई, जबकि आदर्श नगर राजापार्क में रिहायशी मकान से भी विभिन्न ब्रांड की 20 बोतलें बरामद की गई। इस सिलसिले में आरोपी दीपक विश्नोई गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि इसी प्रकार पाली जिले में बरेली एक्सप्रेस रेलगाड़ी से बीआईओ मदिरा की 54 बोतल जब्त की गई। हनुमानगढ़ के सूरेवाला, पन्नीवाली, फतेहपुर में 500 लीटर वाॅश और दो कच्ची भट्टियां नष्ट की गई।