भरतपुर में लूट की झूठी सूचना देने वाले चालक और खलासी अरेस्ट

0

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में बुधवार को देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र में 70 हजार रुपये की लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले एक ट्रक के चालक और खलासी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात शहर के मालगोदाम रोड पर खड़े एक ट्रक के नशे में धुत्त चालक बॉबी अव्वास (36) और खलासी आशू शर्मा (34) ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन करके तीन मोटरसाइकिलों पर आए छह बदमाशों द्वारा 70 हजार रुपए की लूट होने की सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि सख्ती से पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि पुलिस को गुमराह करने के लिए उन्होंने झूठी कहानी गढ़ी थी, जबकि रुपए ट्रक में ही सुरक्षित रखे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 69 हजार बरामद करके ट्रक के वैध कागजात न होने पर गाड़ी को भी जब्त कर लिया।

दो दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत, दो महिलाएं घायल

भरतपुर जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार को हुए हादसों में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दो महिलायें घायल हो गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि वैर थाना क्षेत्र में जहाज गांव में करंट लगने से मेघराज गुर्जर घायल हो गया, जिसे भुसावर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक अन्य घटना में नदबई क्षेत्र में कटारा गांव के पास एक मोटर साइकिल स्पीड ब्रेकर के कारण अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे रेनू (32) और कांति (40) सड़क पर गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गई। दोनों महिलाओं को ग्रामीणों ने उपचार के लिए नदबई के राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार किया जा रहा है।