भागीरथ चौधरी किशनगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जुटे

0

किशनगढ़/अजमेर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने गुरुवार को अपने गृह क्षेत्र अजमेर जिले के किशनगढ़ में नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क किया।

चौधरी ने नगर परिषद किशनगढ़ के वार्ड नंबर पांच, 23 एवं 37 सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि किशनगढ़ में विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के जिस अभियान को निवर्तमान भाजपा बोर्ड ने आगे बढ़ाया है, उसे निरंतर जारी रखने के लिए नगर परिषद में एक बार फिर भाजपा का बोर्ड बनाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर बजट और योजनाएं उपलब्ध करा रही है। इन योजनाओं और बजट का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचाने में नगर परिषद और पंचायती राज संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बजट उपलब्ध कराने के बाद उसे जनहित में सही दिशा में खर्च करना और विकास कार्यों को धरातल पर उतारना स्थानीय निकाय की जिम्मेदारी होती है। इसलिए किशनगढ़ की जनता को ऐसा बोर्ड चुनना चाहिए जो केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से जमीन पर लागू कर सके।

उन्होंने कहा कि राज्य में पहले से ही डबल इंजन सरकार भाजपा की है और अब नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनती है, तो किशनगढ़ के विकास को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

चौधरी ने आमजन से कांग्रेस के कथित बहकावे और झूठे वादों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव में जनता को विकास और काम के आधार पर अपना निर्णय लेना चाहिए। भाजपा सरकार का लक्ष्य सबका विकास, जनसुविधाओं का विस्तार और योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी क्रियान्वयन है।