अजमेर। भोलेश्वर मंदिर सेवा ट्रस्ट की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को जनता कॉलोनी, वैशाली नगर स्थित भोलेश्वर मंदिर में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ट्रस्ट अध्यक्ष गोरधनदास मोतियानी ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर इस वर्ष मंदिर में विशेष फूल बंगला सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
ट्रस्ट महासचिव राजेन्द्र कुमार लालवानी ने बताया कि कार्यक्रम के तहत दीनदयाल उपाध्याय पार्क में राधा-कृष्ण बनो प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इसमें विभिन्न समूहों में छोटे बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण कर भाग लेंगे। बेहतर प्रस्तुति देने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।
ट्रस्ट कोषाध्यक्ष दयाल प्रियानी ने बताया कि जन्माष्टमी समारोह में श्रीकृष्ण के भजनों के साथ बच्चों द्वारा नृत्य की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। बच्चों के लिए इस बार विशेष रूप से एक झूला सजाया जाएगा, जहां राधा-कृष्ण, सुदामा सहित विभिन्न पात्रों की वेशभूषा में आने वाले बच्चे अपनी सेल्फी भी ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि 8 बजे होगा। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
ट्रस्ट के सभी सदस्यों ने अजमेरवासियों से अपने परिवार एवं मित्रों के साथ भोलेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने तथा जन्माष्टमी महोत्सव में सहभागी बनने का आह्वान किया है।



