जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी नगर निकाय चुनाव में बोर्ड बनाकर प्रदेश में स्थानीय सरकारों के माध्यम से सुशासन देगी।
डोटासरा ने शुक्रवार को यहां प्रेस वार्ता में यह वादा करते हुए कहा कि पार्टी ने संकल्प लिया है कि कांग्रेस सरकार के शासन में अभियान चलाकर पट्टों का वितरण किया गया था, लेकिन पुन: कार्य करते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के शासन में चलाए गए अभियान के अनरूप पट्टों का वितरण किया जाएगा।
कच्ची बस्ती नियमन स्वयं की पुश्तैनी रिहायशी भूमि पर धारा 69-ए भूमि रूपांतरण आदि के कार्य करवाए जाएंगे। कांग्रेस पार्टी द्वारा पूर्व में 500 वर्ग एवं 300 वर्ग गज के पट्टों पर छूट देकर नागरिकों को लाभान्वित किया गया था, उसी प्रकार आगे भी लाभान्वित करने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि यूडी टैक्स पर पुनर्विचार कर जनहित में इसे तर्क संगत बनाया जाएगा। सीसी रोड, जल निकासी की समस्या का निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा। जिन सफाई कर्मियों की भर्ती भाजपा के कार्यकाल में नहीं हुई, वे भर्ती पूरी की जाएगी और हर वर्ष निकाय में जरूरत के अनुसार भर्तियां निकाली जाएंगी जिससे सफाई व्यवस्था मजबूत होगी और सफाई कर्मियों को रोजगार मिलेगा। घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था नि:शुल्क की जाएगी और इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी। जहॉं सीवरेज लाइन नहीं है, वहां नई सीवरेज लाइन बिछायी जाएगी।
डोटासरा ने कहा कि आवश्यकता अनुसार एसटीपी बनाए जाएंगे। जहां मास्टर प्लॉन नहीं है वहां मास्टर प्लॉन आमजन से सुझाव लेकर बनाए जाएंगे। स्ट्रीट लाईट और एलईडी लाइट की व्यवस्था की जाएगी। नगर निकायों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की प्रक्रिया एवं संबंधित नियमों की जानकारी पारदर्शिता के वैब साईट पर डाली जाएगी ताकि सभी नागरिकों को क्या कार्य किए जा रहे हैं उसका क्या स्टेटस् है इसकी जानकारी मिल सके।
साथ ही आम जनता के कार्यों के आवेदन भी ऑनलाइन ही लिए जाएंगे जिसकी प्रगति की जानकारी उक्त वेबसाइट पर देने की व्यवस्था की जाएगी ताकि भ्रष्टाचार पर रोकथाम हो और पारदर्शिता के साथ कार्य हो सके। हर क्षेत्र में मूलभूत ढांचे के निर्माण का कार्य प्राथमिकता से किया जायेगा, जिस प्रकार कोटा शहर में रीवर फ्रंट, जयपुर में भारत जोड़ो सेतु बनाया गया है, ऐसे ही कार्य कराये जाएंगे।
डोटासरा ने कहा कि इन संकल्पों के साथ सभी 309 निकायों के लिए जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा स्थानीय मुद्दों को लेकर नगर निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किए जाएंगे। कांग्रेस पार्टी भाजपा के कुशासन को उखाड़ फेंकने के लिए कृत संकल्प है और प्रदेशवासियों को भ्रष्टाचार मुक्त स्थानीय निकायों द्वारा विकास प्रदान करने के लिए कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता एकजुटता के साथ चुनावों में जनता के बीच मत एवं समर्थन प्राप्त करने के लिए जा रहे हैं।



