जयपुर। राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि उन्हें भाजपा और संघ का फोबिया हो गया है और निकाय चुनाव में सामने दिख रही पार्टी की हार के डर से वह अनर्गल बयानबाजी करने लगे हैं।
राठौड़ ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि कांग्रेस की जमीनी स्थिति का आकलन डोटासरा के पास पहुंच गया है, इसलिए वह अनर्गल प्रलाप कर अपनी सामने दिख रही हार की झेप मिटा रहे है। उन्होंने कहा कि परिसीमन में बेईमानी कांग्रेस ने पिछले निकाय चुनावों में की थी, जब तुष्टीकरण के आधार पर कोई वार्ड 300 मतदाताओं का बना दिया तो कोई वार्ड 3000 मतदाताओं का बना दिया गया, बेईमानी उसे कहते है जो उन्होंने की थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कौन कार्यकर्ता, कौन नेता कहां आएगा, कहां बैठेगा और कहां चुनाव का कार्य देखेगा, ये भाजपा परिवारभाव के साथ तय करने में सक्षम है। कांग्रेस और उनके नेताओं को ना तो इसमें चिंता करने की जरूरत है और ना ही ज्ञान देने की जरूरत है। अगर चिंता और ज्ञान ज्यादा ही है तो वे पहले अपने घर की चिंता करनी चाहिए।
राठौड़ ने कहा कि डोटासरा महिला सम्मान की बात करते है, उनकी पार्टी से जुड़े हुए परिवार के लोग और विशेष कर स्वरा भास्कर जैसे लोग राजस्थान की मर्यादा को तार तार कर देते है, जब वे जौहर जैसे पवित्र बलिदान पर सवाल उठाते है और डोटासरा जी के मुंह में दही जम जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास में और जनता की सेवा में विश्वास करती है। ये ही कारण है कि पिछले 2.5 साल में राजस्थान की भाजपा सरकार ने लोक कल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का विजन समाज को बांटना, झूठ फैलाना और तुष्टीकरण करना है। ये ही इनका त्रि सुत्रीय फार्मूला है, जो आज विजन के नाम पर जनता के सामने रखा है, वो ही काम कांग्रेस ने सरकार में रहते हुए क्यों नहीं किए और अब वो जो दावे कर रहे है वो पूरे कैसे करेंगे। ये जनता जानती है कि ये झूठ के पुलींदे के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने मन बना लिया है अब शहरों में ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी और शहर विकसित भारत के सपने के साथ तेजी से कदम बढ़ाकर विकास के पथ पर अग्रसर होगा।



