मथुरा। कान्हा की नगरी मथुरा के व्यस्त मसानी चौराहे पर इंसानियत को तार-तार करने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है। मामूली बहस के बाद एक बेखौफ कार चालक ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (छाता) में तैनात अवर अभियंता विक्रांत भारती पर कार चढ़ा दी और उन्हें कई मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
इस हादसे में गंभीर रूप से घायल इंजीनियर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मसानी चौराहे के पास किसी बात को लेकर कार चालक और अवर अभियंता विक्रांत भारती के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर आपा खो चुके कार चालक ने अचानक गाड़ी की रफ्तार बढ़ाते हुए इंजीनियर को टक्कर मार दी।
विक्रांत कार की चपेट में आकर फंस गए, लेकिन हैवान बने चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय गाड़ी की स्पीड और बढ़ा दी। मौके पर मौजूद लोग बदहवास होकर रोको-रोको चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपी चालक उन्हें सड़क पर घसीटते हुए मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल जेई को अस्पताल पहुंचाया। वायरल वीडियो में गाड़ी का नंबर यूपी 80 एफएस 7288 दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मसानी चौराहे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना से विभाग के सहकर्मियों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।



