गोगा नवमी पर आस्था का उमड़ा सैलाब, विहिप ने छड़ियों के जुलूस पर की पुष्पवर्षा

2

अजमेर। विश्व हिन्दू परिषद अजमेर महानगर की ओर से सामाजिक समरसता के प्रकल्प के अंतर्गत गोगा नवमी के पावन अवसर पर निकाले गई छड़ियों (निशानों) के जुलूस का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विभिन्न समाजों एवं वर्गों के श्रद्धालुओं की सहभागिता ने सामाजिक एकता, भाईचारे और धार्मिक सदभाव का संदेश दिया।

सुभाष उद्यान स्थित बाल भैरव मंदिर के बाहर विहिप कार्यकर्ताओं ने जुलूस में शामिल छड़ियों और निशानों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। इस दौरान गोगाजी महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और धार्मिक उत्साह ने आयोजन को विशेष बना दिया।

विहिप प्रखंड-2 अध्यक्ष संदीप बंसल ने बताया कि जुलूस में शामिल छड़ियों के समूह प्रमुखों, अखाड़ा प्रमुखों, संतों तथा भोपाजी का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए गोगाजी महाराज के प्रति श्रद्धा प्रकट की और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।

विहिप अजमेर महानगर मंत्री कैलाश सिंह भाटी ने कहा कि भारतीय संस्कृति की पहचान सामाजिक एकता और समरसता की परंपरा से रही है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में समाज के अलग-अलग वर्गों की सहभागिता आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता और समरसता की भावना को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान विहिप एवं बजरंग दल कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह नजर आया। जुलूस में शामिल संतों और श्रद्धालुओं ने स्वागत एवं सम्मान के लिए विहिप कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

इस अवसर पर विहिप महानगर मंत्री कैलाश सिंह भाटी, महानगर समरसता सहसंयोजक सोहन बारुपाल, महानगर बजरंग दल संयोजक चेतन सैनी, प्रखंड-2 अध्यक्ष संदीप बंसल, बजरंग दल संयोजक सचिन मधुकर, समरसता संयोजक रवि सोनकर, कुणाल परिहार, पियूष मेघवंशी, तुषार बंजारा, प्रिंस मेघवंशी सहित विहिप और बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।