निकाय चुनाव: अजमेर में CM भजनलाल शर्मा के रोड शो से भाजपा ने दिखाया दम, बागियों की घर वापसी भी बनी चर्चा

1

अजमेर। अजमेर नगर निगम चुनाव में भाजपा के प्रचार अभियान को रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो से बड़ा सियासी बूस्ट मिला। प्लाजा सिनेमा से गांधी भवन तक निकले रोड शो में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ नजर आई। रास्तेभर मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा और नारों के बीच स्वागत किया गया। रोड शो के जरिए भाजपा ने शहर में अपने चुनावी शक्ति प्रदर्शन का संदेश देने की कोशिश की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रथ पर सवार होकर लोगों का अभिवादन करते हुए आगे बढ़े। मदार गेट समेत मार्ग में विभिन्न स्थानों पर उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के समर्थन में नारे भी गूंजते रहे। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार नाथूराम सोलंकी की प्रस्तुतियों ने भी रोड शो में लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

रोड शो में केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, विधायक अनीता भदेल, संभाग चुनाव प्रभारी अरुण चतुर्वेदी, देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत और प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गेना सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

गांधी भवन में कार्यकर्ताओं को दिया ‘ट्रिपल इंजन’ का संदेश

रोड शो के समापन के बाद गांधी भवन में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में जुटने और अजमेर नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राजस्थान में भाजपा की सरकार होने से विकास को गति मिल रही है। यदि स्थानीय निकाय में भी भाजपा का बोर्ड बनता है तो इसे ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के रूप में अजमेर के विकास को और गति देने वाला कदम बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के निर्देशों के अनुरूप बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का आह्वान किया।

पानी-बिजली से लेकर विकास योजनाओं तक गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान में पेयजल, बिजली और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना, यमुना जल समझौता, ब्राह्मणी नदी का पानी बीसलपुर तक लाने की योजना और इंदिरा गांधी नहर परियोजना सहित विभिन्न जल परियोजनाओं का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि राजस्थान बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और पिछले ढाई वर्षों में विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण काम किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों को लेकर जनता के विश्वास का भी उल्लेख किया।

कांग्रेस पर निशाना, पेपर लीक को लेकर साधा हमला

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता भाजपा सरकार को सलाह देने से पहले अपने शासनकाल का हिसाब जनता के सामने रखें। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय कांग्रेस की ओर से नए-नए मुद्दे उछाले जाते हैं, लेकिन जनता अब ऐसे दावों से प्रभावित होने वाली नहीं है।

प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पेपर लीक करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता बताया।

तीन बागियों का मैदान से हटना भाजपा के लिए अहम

कार्यकर्ता संवाद के दौरान चुनावी लिहाज से एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम भी सामने आया। भाजपा के तीन बागी प्रत्याशियों ने पार्टी के समर्थन में चुनाव मैदान से हटने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने वार्ड 7 के महेंद्र सिंह रावत, वार्ड 38 के उमेश शर्मा और वार्ड 40 के पंडित प्रेम मिश्रा का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। तीनों ने भाजपा के समर्थन में नामांकन वापस लेने की घोषणा की।

चुनावी माहौल में बागी प्रत्याशियों का पीछे हटना भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे पार्टी को अपने अधिकृत प्रत्याशियों के पक्ष में वोटों के बिखराव को रोकने में मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम में देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, निकाय चुनाव सह प्रभारी विष्णु चैनानी, अरविंद गिरधर शर्मा, शिवशंकर हेड़ा, राजेश घाटे, राजेश शर्मा, जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह, प्रवीण जैन, अमित जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि मंच संचालन अरविंद यादव ने किया।