जयपुर। अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के 35वें स्थापना दिवस का आयोजन सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में अधिवक्ता परिषद जयपुर प्रांत की ओर से बड़े ही सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस मौके पर न्यायालय परिसर में उपस्थित सभी लोगों के बीच 100 किलो लड्डू वितरित किए गए।
प्रांत महामंत्री डॉ अभिषेक सिंह ने बताया कि विशेष बात यह रही कि इस अवसर पर किसी भी प्रकार का औपचारिक मंचीय कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया, बल्कि इसका उद्देश्य अधिवक्ताओं एवं न्यायालय परिवार के सभी वर्गों के बीच सीधा संवाद और भाईचारा बढ़ाना था।
समारोह के तहत उच्च न्यायालय इकाई की ओर से परिषद की स्थापना के उद्देश्यों और विधि क्षेत्र में उसकी बढ़ती भूमिका को रेखांकित करते हुए यह आयोजन केवल अधिवक्ताओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि न्यायालय कर्मचारियों, सफाईकर्मियों और याचिकाकर्ताओं को भी इसमें शामिल किया गया, जिससे पूरे न्यायिक परिवार में आपसी समरसता और एकता का संदेश गया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व, स्थापना दिवस से दो दिन पहले दिल्ली रोड स्थित रंगीला महादेव मंदिर परिसर में अधिवक्ता सह-भोज का आयोजन किया गया था। इस भोज में 350 से अधिक अधिवक्ता साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राजस्थानी पारंपरिक व्यंजन ‘चूरमा दाल बाटी’ का आनंद लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अधिवक्ताओं के बीच पारस्परिक संबंधों को मजबूत करना तथा राजस्थानी संस्कृति और खान-पान को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय मंत्री कमल परसवाल, उच्च न्यायालय इकाई के महामंत्री धर्मेंद्र बराला तथा मंत्री राजाराम चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। राज्य सरकार के अधिवक्ताओं की ओर से श्रुति पारीक, अतिरिक्त महाधिवक्ता राजेश चौधरी, वरिष्ठ अधिवक्ता उत्कर्ष द्विवेदी, नीतिन भंडारी, मिथुन चतुर्वेदी एवं निकिता भार्गव, दीक्षा मिश्रा, नेहा गोयल ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। इनके अलावा न्यायालय परिसर के बड़ी संख्या में अधिवक्तागण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस आयोजन में मौजूद रहे।



