गहलोत सवाल की बजाय अपने कर्मों का दें जवाब : भजनलाल शर्मा

1

कोटा। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें राजनीति से प्रेरित आरोप लगाने और सवाल उठाने की बजाय अपने शासनकाल में हुए पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताओं पर जनता को जवाब देना चाहिए।

शर्मा मंगलवार को कोटा में नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा एवं रोड शो को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि जब पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में आए दिन भ्रष्टाचार के मामले सामने आते थे, यहां तक कि जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में उनके मंत्री और अधिकारी तक आज जेल में हैं।

उन्होंने कहा कि जब हमने संकल्प पत्र में चार लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया, तो कांग्रेस नेताओं ने इसका मजाक उड़ाया था। क्योंकि उनकी सरकार में कई भर्ती परीक्षाओं के पेपरलीक हुए और युवा खून के आंसू रोता रहा। आज हम उन्हीं कांग्रेस नेताओं से कहते हैं कि हम युवाओं को नौकरी दे रहे हैं, आप आंकड़े गिनते रहें। फिर भी आपकी गणित कमजोर है तो हम ट्यूशन देने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जनता को विकास के बजाय भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। चुनाव के समय कांग्रेस जिन योजनाओं और विकास कार्यों के नाम पर जनता से वोट मांगती थी, उन पर वर्षों तक कोई काम नहीं हुआ। जबकि हमारी सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत कार्य ढाई वर्ष में ही पूरे कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश बिजली की कमी से जूझता रहा, जबकि हमारी सरकार ने बिजली उत्पादन में तेजी से बढ़ोतरी की। जिसका परिणाम है कि अब राजस्थान बिजली खरीदने की बजाय अन्य राज्यों को बिजली दे रहा है। इसी प्रकार वर्षों से लंबित जल परियोजनाओं को भी धरातल पर उतारा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक तुष्टीकरण के लिए जयपुर, जोधपुर और कोटा में नगर निगमों का विभाजन किया। इससे प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। वहीं, कांग्रेस शासन में निकाय और पंचायत चुनावों की प्रक्रिया लंबे समय तक चलती रहती थी, जिससे सरकारी संसाधनों और जनता पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ता था, लेकिन हमारी सरकार ने जनहित को सर्वाेपरि रखते हुए तीनों जगह फिर से एक-एक नगर निगम और वन स्टेट, वन इलेक्शन को साकार करने का काम किया है।

शर्मा ने कहा कि कोटा और हाड़ौती के विकास के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला निरंतर प्रयासरत हैं। कोटा में हवाईअड्डे की लंबे समय से चली आ रही मांग अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सड़क, औद्योगिक क्षेत्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में भी तेजी आई है।

उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्य में समान विचारधारा की सरकार हो तथा क्षेत्र को मजबूत नेतृत्व मिले, तो विकास कार्यों को गति मिलती है। ऐसे में अब डबल इंजन की सरकार के साथ निकायों और पंचायतों में भी भाजपा का तीसरा इंजन जोड़ना जरूरी है, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंचे।