मिशन मुस्कान ने बांटी खुशियां, 50 विद्यार्थियों को मिली नई गणवेश

1

उदयपुर। शिक्षा के साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों के चेहरे पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से लायंस क्लब अजमेर आस्था की ओर से चलाया जा रहा ‘मिशन मुस्कान’ सेवा अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। लायंस क्लब्स इंटरनेशनल 3233 ई-2 के प्रांतपाल लायन निशांत जैन के प्रांतीय स्लोगन ‘फ्लाइट ऑफ ड्रीम’ के तहत आयोजित सेवा गतिविधियों की कड़ी में उदयपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 50 विद्यार्थियों को गणवेश वितरित की गई।

कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत शोभागपुरा, पंचायत समिति बड़ागांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय शोभागपुरा में किया गया। यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को गणवेश उपलब्ध कराई गई। सेवा कार्य में समाजसेवी लायन राकेश पालीवाल, लायन अतुल पाटनी, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन मधु पाटनी सहित अन्य भामाशाहों का सहयोग रहा।

कार्यक्रम में उदयपुर की सामाजिक कार्यकर्ता ललिता सेठी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को गणवेश वितरित करते हुए सेवा कार्य की सराहना की और कहा कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

क्लब सचिव लायन अनिल चोरड़िया ने बताया कि कार्यक्रम का संयोजन प्रांतीय सभापति एवं मिशन मुस्कान के संयोजक लायन अतुल पाटनी ने किया। अजमेर से भेजी गई गणवेश को विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आशा जैन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के विद्यार्थियों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाया गया।

इस दौरान विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, ग्राम के प्रबुद्धजन एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। गणवेश मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।

क्लब अध्यक्ष लायन कमल बाफना ने बताया कि मिशन मुस्कान के माध्यम से क्लब द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उदयपुर के अलावा सुमेरपुर, भीलवाड़ा, जयपुर-बसी तथा अजमेर जिले के विभिन्न गांवों में भी जरूरतमंद लोगों और विद्यार्थियों की सहायता के लिए सेवा कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनके चेहरों पर खुशी लाना है। मिशन मुस्कान के तहत आगे भी ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा गतिविधियों को जारी रखा जाएगा।