बेंगलूरु। रेप मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना एक बार फिर चर्चा में हैं। जेल में उनके पास मोबाइल फोन मिलने के मामले की जांच के दौरान जब्त किए गए मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच में कथित तौर पर दर्जनों अश्लील वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि पिछले महीने 11 अगस्त को क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के दौरान रेवन्ना को बेंगलूरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में अपनी बैरक के भीतर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। अधिकारियों ने उस हाई-सिक्योरिटी बैरक से एक चार्जर, एक पेन ड्राइव और एक नोटबुक भी जब्त की, जहां प्रज्वल को रखा गया था। इसके बाद जांच एजेंसियों ने मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कब्जे में लेकर उनकी फोरेंसिक जांच कराई।
फोरेंसिक जांच में क्या मिला?
जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक जब्त उपकरणों में बड़ी संख्या में अश्लील वीडियो पाए गए हैं। हालांकि, इन वीडियो को जेल में रहते हुए देखा गया था या वे पहले से डिवाइस में मौजूद थे, इसे लेकर जांच एजेंसियां अभी अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
जेल के भीतर मोबाइल फोन का इस्तेमाल किए जाने का मामला अपने आप में गंभीर माना जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रेवन्ना तक मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और जेल में रहते हुए उन्होंने इसका इस्तेमाल किस तरह किया।
दुष्कर्म मामले में काट रहे हैं उम्रकैद
प्रज्वल रेवन्ना को दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। वह बेंगलूरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद है। वे पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के भतीजे हैं।
अब जेल में मोबाइल फोन के इस्तेमाल और डिवाइस से कथित आपत्तिजनक सामग्री मिलने के मामले ने जेल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होने की उम्मीद है।
48 साल की महिला ने लगाया था रेप का आरोप
रेवन्ना को पिछले साल रेप और एक 48 वर्षीय महिला के साथ यौन उत्पीड़न के वीडियो फैलाने के आरोप में दोषी ठहराया गया था। हासन जिले के होलेनरासीपुरा में रेवन्ना परिवार के फार्महाउस पर घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि 2021 से प्रज्वल रेवन्ना ने कई बार उसका रेप किया।
उसने इस हरकत का वीडियो बना लिया था और धमकी दी थी कि अगर महिला ने किसी को इसके बारे में बताया तो वह वीडियो जारी कर देगा। रेवन्ना की सेल से फोन मिलने के बाद अधिकारियों ने जेल के एक अधिकारी को सस्पेंड कर दिया और जांच के आदेश दिए।



