चार घायलों की हालत गंभीर, बेलगावी से प्रतिमा लेकर गांव लौट रहे थे श्रद्धालु
बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी जिले में रविवार को देवी दुर्गा की प्रतिमा लेकर जा रहे श्रद्धालुओं के जुलूस में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिले के हुक्केरी तालुका में हत्तारगी टोल प्लाजा के पास हुआ। श्रद्धालु बेलगावी से देवी दुर्गा की प्रतिमा लेकर अपने गांव हुंचयनट्टी लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने जुलूस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल चार लोगों का उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार दुर्घटना हत्तारगी टोल प्लाजा के निकट हुई। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। तेज रफ्तार और जुलूस में पीछे से हुई टक्कर को लेकर जांच की जा रही है।



