नगरीय निकाय चुनाव : पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतदान सामग्री संग्रहण स्थल, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना कक्षों का निरीक्षण

0

अजमेर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के मतदान के दौरान शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर मतदान सामग्री संग्रहण एवं मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन भी उनके साथ रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने मतदान सामग्री संग्रहण स्थल तथा स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने मतदान सामग्री को सुरक्षित रखने तथा स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।

लोक बन्धु ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थापित विभिन्न मतगणना कक्षों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना के लिए निर्धारित कक्षों में आवश्यक व्यवस्थाओं, कार्मिकों के आवागमन, सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य तैयारियों की जानकारी ली। मतदान सामग्री संग्रहण के संबंध में उन्होंने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाएं देखी।

उन्होंने निर्देश दिए कि सामग्री जमा करते समय मतदान दल के कार्मिकों को सुविधा मिलनी चाहिए। इन कार्मिकों को एक काउंटर से दूसरे काउंटर तक जाने में आसानी रहे। सामग्री प्राप्त करते समय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्यवाही की जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के साथ मतगणना की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए।

जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन ने भी स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। अधिकारियों ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया के साथ-साथ मतगणना कार्य को भी सुचारू एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।