अजमेर। माली (सैनी) समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अजमेर में वार्षिक प्रतिभावान एवं मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन 4 अक्टूबर को किया जाएगा। कार्यक्रम माली (सैनी) संस्थान अजमेर एवं कर्मचारी अधिकारी विकास संस्था राजस्थान की अजमेर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में जवाहर रंगमंच पर सुबह 10 बजे से आयोजित होगा।
समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ उच्च शिक्षा, व्यावसायिक पाठ्यक्रम और खेलकूद के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इन विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान
आयोजकों के अनुसार कक्षा 10वीं और 12वीं के साइंस एवं कॉमर्स वर्ग में 85 प्रतिशत या इससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी सम्मान के लिए पात्र होंगे। वहीं 12वीं आर्ट्स वर्ग में 80 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
कॉलेज स्तर पर बैचलर और मास्टर डिग्री में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भी आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा सत्र 2025-26 में सीए, एमबीबीएस और एमडी जैसी व्यावसायिक एवं चिकित्सा परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
खेल के क्षेत्र में राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व अथवा उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले समाज के प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी सम्मान समारोह में स्थान दिया जाएगा।
20 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन
सम्मान के लिए पात्र अभ्यर्थी संस्थान की ओर से निर्धारित आवेदन पत्र प्राप्त कर उसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ 20 सितंबर शाम 6 बजे तक निर्धारित केंद्रों पर जमा करा सकेंगे। आवेदन के साथ सेल्फ अटेस्टेड अंकतालिका की प्रति और उपलब्धि से संबंधित प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य होगा।
आयोजकों ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा कराने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
एक छात्र और एक छात्रा को विशेष पुरस्कार
समारोह में सामान्य सम्मान के अलावा दो विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। चयन समिति द्वारा चुने गए एक बहु-प्रतिभावान छात्र को महात्मा ज्योतिबा फुले अवॉर्ड और एक बहु-प्रतिभाशाली छात्रा को सावित्रीबाई फुले अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
इन विशेष पुरस्कारों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को शिक्षा के अलावा किसी अन्य क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों का भी उल्लेख आवेदन में करना होगा। संबंधित उपलब्धियों के प्रमाण पत्र भी आवेदन के साथ प्रस्तुत करने होंगे।
2 अक्टूबर तक जारी होगी चयनित विद्यार्थियों की सूची
आयोजकों के मुताबिक सम्मान के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची 2 अक्टूबर तक अपलोड कर दी जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से भी इसकी सूचना दी जाएगी।
माली (सैनी) संस्थान के अध्यक्ष राजेश भाटी, कर्मचारी अधिकारी विकास संस्था राजस्थान की अजमेर शाखा के जिला प्रभारी मुकेश अजमेरा और अध्यक्ष विनोद गढ़वाल ने समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से समारोह का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील की है।



