अजमेर। आदर्श नगर स्थित नंदिनी शिक्षा निकेतन स्कूल में छात्राओं को भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से एक दिवसीय कथक नृत्य कार्यशाला आयोजित की गई। विविधा-कला एवं सांस्कृतिक संस्था तथा अजमेर कथक कला केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में छात्राओं ने कथक की विभिन्न बारीकियों को समझा और नृत्य की कलात्मक अभिव्यक्ति का अभ्यास किया।
कार्यशाला में अजमेर कथक कला केन्द्र की निदेशक दृष्टि रॉय ने छात्राओं को कथक नृत्य में प्रयुक्त विभिन्न मुद्राओं, क्रियात्मक पक्ष और कलात्मक अभिव्यक्ति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नृत्य का स्थान केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आध्यात्मिक अनुभूति, भावनाओं की अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि नृत्य भारतीय जीवन और समाज की आत्मा से जुड़ा हुआ है। इसके माध्यम से धर्म, कला और जीवन के विभिन्न पहलुओं का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।
नृत्य को बताया योग का एक रूप
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी स्नेहलता पंवार ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नृत्य भी योग की तरह शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने में सहायक है। नियमित नृत्य से शारीरिक सक्रियता के साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी मजबूती मिलती है।
15 वर्ष पूरे होने पर विद्यालयों में कार्यशालाएं
अजमेर कथक कला केन्द्र की स्थापना के 15 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शहर के विभिन्न विद्यालयों में कथक नृत्य कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में नंदिनी शिक्षा निकेतन स्कूल में यह कार्यशाला आयोजित की गई।कार्यशाला में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को अजमेर कथक कला केन्द्र की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
अतिथियों का किया स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में नंदिनी शिक्षा निकेतन स्कूल की प्रिंसिपल नीरु शर्मा ने मुख्य अतिथि स्नेहलता पंवार तथा कथक कला केन्द्र की निदेशक दृष्टि रॉय का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में टेक्नोक्रेसी सॉफ्टवेयर्स के निदेशक मुबारक खान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अजमेर कथक कला केन्द्र के पदाधिकारी, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रवीण शर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।



