रेल पेंशनर्स की बैठक में 8वें वेतन आयोग और पेंशन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

28

अजमेर। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉइज यूनियन एवं एआईआरएफ से संबद्ध AIRPWF की मासिक बैठक यूनियन कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों की पेंशन, रेलवे पास, साइबर फ्रॉड और अस्पताल सुविधाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

8वें वेतन आयोग में पेंशनर्स को लाभ देने की मांग

यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष मोहन चेलानी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जेसीएम और ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन की ओर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी 8वें वेतन आयोग का लाभ देने की मांग प्रमुखता से उठाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि पेंशनर्स के हित में कम्यूटेशन कटौती की अवधि 12 वर्ष करने तथा 65 वर्ष की आयु के बाद अतिरिक्त पेंशन का लाभ देने की मांग भी रखी गई है। उन्होंने कहा कि यूनियन पर विश्वास रखने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स ने संघर्षों में हमेशा सहयोग किया है और सामूहिक प्रयासों से कई मांगों को सफलता मिली है।

चेलानी ने कहा कि ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा ने पेंशनर्स को भरोसा दिलाया है कि 8वें वेतन आयोग का लाभ सेवारत कर्मचारियों के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी दिलाने के लिए प्रयास जारी हैं।

साइबर फ्रॉड को लेकर पेंशनर्स को किया जागरूक

बैठक में गिरधारी मंडाड ने वरिष्ठ पेंशनर्स को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने साइबर ठगी के सामान्य तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी साझा की। पेंशनर्स से मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक, कॉल और ओटीपी संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की गई।

वहीं जीडी शर्मा ने पोस्ट रिटायरमेंट कॉम्प्लीमेंट्री पास से जुड़े प्रावधानों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की तथा पेंशनर्स के सामने आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को उठाया।

रनिंग स्टाफ के मुद्दों पर भी हुई चर्चा

बैठक में बालमुकुंद सेन ने रनिंग कर्मचारियों से जुड़े विषयों और वेतन आयोग की ओर से सामने आए पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कर्मचारियों से संबंधित लंबित मुद्दों को संगठन के माध्यम से प्रभावी तरीके से उठाने पर जोर दिया।

इसके अलावा बीना मनचंदिया, गोपाल शर्मा, ओपी माथुर, मीना उपाध्याय, विष्णु जोशी, खालिक नूर और एस.पी. भट्टाचार्य ने रेलवे अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और पेंशनर्स के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर सुझाव दिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रामजीलाल यादव ने की, जबकि संचालन सुमेर सिंह शेखावत ने किया। बैठक में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों को संगठन के माध्यम से आगे भी मजबूती से उठाने पर जोर दिया।