अजमेर। नगर निगम अजमेर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि चुनाव 2026 के तहत नगर निगम अजमेर के अध्यक्षीय एवं उपाध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के लिए सचिव अजमेर विकास प्राधिकरण अनिल कुमार पूनिया को रिटर्निंग अधिकारी एवं एडीएम (शहर) प्रवीण कुमार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपखण्ड अधिकारी पदमा देवी, एडीए तहसीलदार महेश शेषमा, तहसीलदार ओम सिंह लखावत, आईआरए राजस्व मण्डल राजस्थान सीपी टेलर, वरिष्ठ विधि अधिकारी कलेक्ट्रेट रामेश्वर लखावत, अजमेर विकास प्राधिकरण के निदेशक विधि महिपाल मुणोत, सहायक विधि परामर्शी अजमेर विकास प्राधिकरण सज्जन सिंह कडैला तथा वरिष्ठ विधि अधिकारी आयुर्वेद नन्द किशोर बाकोलिया इनके सहयोग में रहेंगे।
नगर निगम के अध्यक्षीय एवं उपाध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के रिटर्निंग अधिकारी का चुनाव कार्यालय बैठक कक्ष नम्बर 215 प्रथम तल नगर निगम अजमेर झलकारी बाई स्मारक के पास पंचशील नगर में रहेगा।
निकाय चुनाव अध्यक्ष पद के लिए पहले दिन कोई नामांकन नहीं
नगर निगम अजमेर के अध्यक्ष पद के लिए प्रथम दिन मंगलवार 15 सितम्बर को कोई नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। नगर निगम अजमेर आम चुनाव 2026 के रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार पुनिया ने बताया कि अध्यक्षीय पद के लिए नगर निकाय निर्वाचन के लिए निर्वाचित सदस्यों को बैठक का नोटिस उपलब्ध कराते हुए प्राप्ति रसीद प्राप्त करना (लोक सूचना) का कार्य 15 सितम्बर से किया गया।
नामांकन पत्रों को प्रस्तुत करने की अन्तिम तिथि 16 सितम्बर रहेगी। नामांकन पत्रों के संवीक्षा की तिथि का कार्य 17 सितम्बर को किया जाएगा। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितम्बर अपरान्ह 3 बजे तक रहेगी। चुनाव चिन्हों के आवंटन का कार्य 18 सितम्बर को किया जाएगा। मतदान 21 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। मतगणना 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात होगी।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार उपाध्यक्षीय पद के लिए निर्वाचन का कार्य 22 सितम्बर को किया जाएगा। बैठक का प्रारम्भ सुबह 10 बजे से होगा। नामांकन पत्रों का प्रस्तुतीकरण सुबह 11 बजे तक किया जा सकता है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11.30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापसी का समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतदान यदि आवश्यक हुआ तो दोपहर 2.30 से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना का कार्य मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात किया जाएगा।



