रेल कर्मचारियों का अजमेर मंडल कार्यालय पर प्रदर्शन, ट्रेन लाइटिंग व्यवस्था को लेकर जताया विरोध

0

अजमेर। ट्रेन लाइटिंग और आरएसी (Railway Air Conditioning) कार्यों के नियंत्रण को लेकर उत्तर पश्चिम रेलवे के कर्मचारियों में असंतोष सामने आया है। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉईज यूनियन के आह्वान पर अजमेर सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के 53 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया।

अजमेर में कर्मचारियों ने भोजनावकाश के दौरान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के बाहर रैली निकालकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। अजमेर मंडल के उदयपुर, आबूरोड, भीलवाड़ा, मावली, डूंगरपुर, रानी, मारवाड़, ब्यावर, फालना और नसीराबाद सहित विभिन्न स्थानों पर भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।

विद्युत विभाग के कार्य को लेकर उठाए सवाल

यूनियन के जोनल कार्यकारी अध्यक्ष मोहन चेलानी ने कहा कि भारतीय रेल में ट्रेन लाइटिंग और आरएसी से जुड़े कार्य विद्युत कोचिंग विभाग के कर्मचारी एवं पर्यवेक्षक करते हैं। उनका कहना है कि उत्तर पश्चिम रेलवे में इन कार्यों का नियंत्रण यांत्रिक विभाग को सौंपे जाने से कर्मचारियों की दक्षता के साथ रेल संरक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

यूनियन ने मांग की कि ट्रेन लाइटिंग एवं आरएसी से संबंधित कार्यों को विद्युत विभाग के अधिकारियों के नियंत्रण में ही रखा जाए। साथ ही अन्य जोनल रेलवे में लागू व्यवस्था और रेलवे बोर्ड की नीति के अनुरूप कार्यप्रणाली अपनाई जाए।

काम उसी विभाग को सौंपा जाए जो उसमें विशेषज्ञ है

मंडल अध्यक्ष राजीव शर्मा ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्युत विभाग के कर्मचारी, पर्यवेक्षक और अधिकारी इन कार्यों में विशेषज्ञता रखते हैं। ऐसे में उत्तर पश्चिम रेलवे में अलग व्यवस्था लागू किए जाने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नई व्यवस्था से कर्मचारियों की कार्यक्षमता और दक्षता प्रभावित हो रही है तथा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। शर्मा ने कहा कि यूनियन से चर्चा किए बिना रेलवे बोर्ड की नीति के विपरीत किसी नई व्यवस्था को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जीएलओ चौराहे से निकली रैली

प्रदर्शन से पहले रेल कर्मचारियों ने जीएलओ चौराहे से रैली निकाली। हाथों में तख्तियां और यूनियन के झंडे लेकर कर्मचारी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।

प्रदर्शन को विपुल सक्सैना, गौरव मेहरा, अरविंद यादव, राजीव सैन, संजय कुमार, रमेश निम्बेडिया, संजय चतुर्वेदी, बलदेव सिंह, नेहा गर्जुर, आशीष मेहरा और ओमवीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की विशेषज्ञता को नजरअंदाज कर कार्यों का नियंत्रण दूसरे विभाग को देना उचित नहीं है। प्रदर्शन में वीरेश शर्मा, सीपी शर्मा, दिनेश कुमार, संजीव अरोड़ा, अतुल विश्वा, महेश चौधरी और कमल कुमार सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे।