भिवंडी। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में बुधवार तड़के एक अपार्टमेंट की पार्किंग में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। खांडूपाड़ा इलाके स्थित उमर अपार्टमेंट की पार्किंग में खड़े 14 दोपहिया वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग और धुएं के तेजी से फैलने के कारण इमारत में रहने वाले लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
आग लगते ही छत पर पहुंचे लोग
जानकारी के मुताबिक घटना तड़के करीब चार बजे की है। उस समय अपार्टमेंट के अधिकांश लोग सो रहे थे। पार्किंग क्षेत्र से आग और धुआं उठता देखकर लोगों में दहशत फैल गई। आग तेजी से फैलने के कारण कई परिवार बच्चों और बुजुर्गों को लेकर सुरक्षा के लिए इमारत की छत पर पहुंच गए।
रिपोर्टों के अनुसार उमर अपार्टमेंट में करीब 25 फ्लैट हैं। आग के दौरान उठे धुएं से कुछ बुजुर्गों और बच्चों को सांस लेने में परेशानी तथा उल्टी जैसी शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। हालांकि, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
14 वाहन जलकर हुए खाक
आग की चपेट में पार्किंग में खड़े एक के बाद एक कई दोपहिया वाहन आ गए। कुछ ही देर में 14 बाइक और स्कूटर पूरी तरह जल गए। आग की लपटों से इमारत के पार्किंग हिस्से को भी नुकसान पहुंचा और एक हिस्सा काला पड़ गया।
घटना की सूचना मिलने पर भिवंडी दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। शांतिनगर पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस और संबंधित विभागों की जांच पूरी होने के बाद ही आग के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल आग लगने की परिस्थितियों और इससे हुए नुकसान की जांच की जा रही है।



