रीको क्षेत्र में उठे काले धुएं के गुबार से मची अफरा-तफरी, दमकल की 7 गाड़ियों ने एक घंटे में पाया काबू
भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में प्रतापनगर थाना क्षेत्र के रीको औद्योगिक इलाके में मंगलवार दोपहर प्लाईवुड से भरे गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग के कारण गोदाम में रखे सामान को भारी नुकसान हुआ। आग की लपटों और काले धुएं के गुबार से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दमकल की सात गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रीको क्षेत्र स्थित ग्रीनलैम लेमिनेटेड प्लाई के गोदाम की पहली मंजिल पर मजदूर रोजाना की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर में प्लाईवुड से भरे हिस्से से अचानक काला धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं तेजी से फैल गया और आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें उठती देख मजदूरों में हड़कंप मच गया और वे अपनी जान बचाने के लिए तत्काल बाहर निकल आए।
टीन शेड को पहुंचा नुकसान
गोदाम में प्लाईवुड का भंडार होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना के दौरान उठते धुएं और लपटों से इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग के कारण गोदाम की पहली मंजिल पर लगा टीन शेड भी क्षतिग्रस्त हो गया। गोदाम में रखे प्लाईवुड और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कुल आर्थिक नुकसान का आकलन स्पष्ट नहीं है। गोदाम में आग किस वजह से लगी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।



