मरीन ड्राइव पर तड़के सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी कार, गैस कटर से निकाले गए शव
जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई। मृतकों में राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव रोड पर दोमुहानी के पास करीब सुबह 3 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक कार सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है। बताया गया कि कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थे। टक्कर के बाद कार ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई, जिसके कारण उसमें सवार लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। राहत एवं बचाव दल ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
रात से सड़क पर खड़ा था खराब ट्रक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस ट्रक से कार टकराई, वह बुधवार रात से खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। अधिकारियों के मुताबिक वाहन के पीछे चेतावनी के तौर पर पेड़ की एक टहनी रखी गई थी, लेकिन मौके पर रिफ्लेक्टर या पर्याप्त चेतावनी संकेत दिखाई नहीं दिया। हादसे के कारणों और सड़क पर खड़े ट्रक की स्थिति को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक
हादसे की खबर सामने आने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय होता है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार समेत अन्य नेताओं ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



