ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर धू-धू कर जली स्लीपर बस, 9 यात्रियों की मौत

0

जेवर के दयानतपुर के पास देर रात हुआ हादसा, खिड़कियों से कूदकर कई यात्रियों ने बचाई जान; चालक और परिचालक अरेस्ट

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई। हादसा जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास करीब 33वें किलोमीटर के माइलस्टोन के आसपास हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और बस कुछ ही देर में आग की लपटों से घिर गई।

पुलिस के अनुसार बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस के भीतर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। कुछ यात्री झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

AC में खराबी के बाद आग फैलने की आशंका

प्रारंभिक पुलिस जांच में बस के एसी सिस्टम में स्पार्क या विस्फोट के बाद इंजन के लुब्रिकेटिंग ऑयल में आग लगने की आशंका जताई गई है। इसके बाद आग तेजी से बस के अन्य हिस्सों तक पहुंच गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद बस के अंदर तेजी से धुआं भर गया था। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग बिना सामान लिए बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के रास्ते कूदकर अपनी जान बचाई।

स्लीपर बस के चालक और परिचालक अरेस्ट

हादसे के बाद पुलिस ने बस के चालक और परिचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में बस की स्थिति, आग लगने के कारण और हादसे के दौरान चालक-परिचालक की भूमिका की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन की ओर से हादसे में घायल लोगों के उपचार की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है।