जनता के भरोसे पर खरा उतरकर किशनगढ़ के विकास को दें गति : भागीरथ चौधरी

0

नवनिर्वाचित सभापति राजकुमार बड़जात्या, उपसभापति मनेन्द्र सिंह खंगारोत और पार्षदों का किया अभिनंदन
अजमेर/किशनगढ़। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने किशनगढ़ नगर परिषद के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए शहर के सर्वांगीण विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए काम करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद अब प्राथमिकता जनसेवा और विकास कार्यों को गति देने की होनी चाहिए।

शनिवार को किशनगढ़ स्थित अपने आवास कार्यालय पर चौधरी ने नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति राजकुमार बड़जात्या, उपसभापति मनेन्द्र सिंह खंगारोत सहित नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को माला, साफा और दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया तथा सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

किशनगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों के चुनाव में भाजपा के 29, कांग्रेस के 21 और 10 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे। किसी भी दल को अकेले बहुमत नहीं मिलने के कारण बोर्ड गठन में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई थी। बाद में सभापति चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार बड़जात्या ने 60 में से 41 मत हासिल कर जीत दर्ज की। कांग्रेस के मोहित खंडेलवाल उनके मुकाबले में थे।

इसके बाद उपसभापति पद पर भी भाजपा ने जीत दर्ज की। पार्टी के मनेन्द्र सिंह खंगारोत को 35 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी महेन्द्र कुमार यादव को 25 मत प्राप्त हुए। इस तरह सभापति और उपसभापति दोनों पद भाजपा के खाते में गए।

नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भागीरथ चौधरी ने कहा कि किशनगढ़ की जनता ने जो विश्वास जताया है, उसे विकास कार्यों के माध्यम से कायम रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने भाजपा की सफलता को जनता के विश्वास और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ किशनगढ़ में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ सड़क, सफाई, पेयजल, रोशनी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नई नगर परिषद के सामने जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने और किशनगढ़ के विकास को नई गति देने की जिम्मेदारी है।