जयपुर को मिली पहली महिला उपमहापौर, भाजपा की सरोज कंवर ने कांग्रेस के सलमान मंसूरी को हराया

0

जयपुर। जयपुर नगर निगम के उपमहापौर पद पर भारतीय जनता पार्टी की सरोज कंवर निर्वाचित हुई हैं। शनिवार को हुए चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सलमान मंसूरी को पराजित किया। इसके साथ ही सरोज कंवर जयपुर नगर निगम के इतिहास में पहली महिला उपमहापौर बनी हैं।

उपमहापौर चुनाव के लिए भाजपा ने वार्ड संख्या 90 से निर्वाचित पार्षद सरोज कंवर को मैदान में उतारा था, जबकि कांग्रेस ने वार्ड 137 के पार्षद सलमान मंसूरी पर भरोसा जताया। नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला हुआ।

149 पार्षदों ने किया मतदान

जयपुर नगर निगम में कुल 150 निर्वाचित पार्षद हैं। उपमहापौर चुनाव में 149 पार्षदों के मतदान करने की जानकारी सामने आई है। मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा प्रत्याशी सरोज कंवर को विजयी घोषित किया गया। इस चुनाव में एक मत नोटा को मिलने की जानकारी भी सामने आई है।

नगर निगम चुनाव में भाजपा 78 वार्डों में जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, जबकि कांग्रेस ने 57 सीटों पर जीत दर्ज की थी और 15 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे। इससे पहले शुक्रवार को हुए महापौर चुनाव में भाजपा के सुनील कोठारी ने 89 मत हासिल कर जीत दर्ज की थी।

पहली बार पार्षद बनीं और अब उपमहापौर

सरोज कंवर वार्ड संख्या 90 से पहली बार पार्षद निर्वाचित हुई हैं। वह भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री एवं रावणा राजपूत समाज के प्रदेश अध्यक्ष रणजीत सिंह सोडाला की पत्नी हैं। भाजपा ने उपमहापौर पद के लिए महिला चेहरे के रूप में उन्हें प्रत्याशी बनाया। चुनाव से पहले सरोज कंवर ने शहर की स्वच्छता और सुंदरता को अपनी प्राथमिकताओं में बताया था।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सलमान मंसूरी वार्ड संख्या 137 से पार्षद हैं और दूसरी बार नगर निगम पहुंचे हैं। उनके परिवार का भी स्थानीय निकाय की राजनीति से जुड़ाव रहा है।

महापौर के बाद उपमहापौर पद भी भाजपा के खाते में

एक दिन पहले हुए महापौर चुनाव में भाजपा के सुनील कोठारी निर्वाचित हुए थे। इसके अगले ही दिन उपमहापौर पद पर सरोज कंवर की जीत के साथ नगर निगम के दोनों प्रमुख पद भाजपा के पास आ गए हैं।