RCA चुनाव : सभी 30 नामांकन जांच में वैध, अध्यक्ष पद के लिए 5 दावेदार मैदान में

0

जयपुर। राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) की नई कार्यकारिणी के लिए होने वाले चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। विभिन्न पदों के लिए दाखिल किए गए सभी 30 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। अब नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद यह साफ होगा कि 29 सितंबर को होने वाले मतदान में किस पद के लिए कितने प्रत्याशी आमने-सामने रहेंगे।

सहायक चुनाव अधिकारी आरएस हाडा के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की है। इनमें धनंजय सिंह खींवसर, दीनदयाल कुमावत, पराक्रम सिंह राठौड़, राजेश सारस्वत और बृज किशोर उपाध्याय शामिल हैं। जांच में पांचों के नामांकन सही पाए गए।

अध्यक्ष पद की दावेदारी पर विशेष नजर है। धनंजय सिंह खींवसर राजस्थान सरकार के मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र हैं, जबकि पराक्रम सिंह राठौड़ पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के पुत्र हैं। इनके अलावा तीन अन्य प्रत्याशियों की मौजूदगी के चलते फिलहाल अध्यक्ष पद के लिए पांच दावेदार मैदान में हैं।

उपाध्यक्ष पद पर भी पांच दावेदार

उपाध्यक्ष पद के लिए भी पांच नामांकन दाखिल किए गए और सभी जांच में वैध पाए गए। इनमें पवन दिलावर, मोहित यादव, मनोज कुमार शर्मा, रतन सिंह शेखावत और मनोज चौधरी शामिल हैं।

सचिव पद के लिए सबसे ज्यादा छह नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। इनके अलावा कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारिणी सदस्य सहित अन्य पदों के लिए भी नामांकन हुए हैं। जांच में किसी भी प्रत्याशी का नामांकन निरस्त नहीं होने से फिलहाल सभी दावेदार चुनावी प्रक्रिया में बने हुए हैं।

29 सितंबर को मतदान और मतगणना

आरसीए चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया के बाद 27 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की गई। अब प्रत्याशियों को नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी।

जरूरत पड़ने पर 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा और मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

आरसीए की नई कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर राजस्थान के क्रिकेट जगत में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। खासतौर पर अध्यक्ष और सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों को लेकर समीकरण बन रहे हैं। हालांकि अभी सभी 30 नामांकन वैध हैं, लेकिन वास्तविक मुकाबले की तस्वीर नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद ही स्पष्ट होगी।