बाड़मेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को बाड़मेर के बाछड़ाऊ में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और जाति-धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाल के निकाय चुनावों से पहले कांग्रेस ने भाजपा पर प्रशासन के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे, लेकिन चुनाव परिणामों में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं ग्रामीण परिवेश से आते हैं और गांव, किसान तथा गरीब परिवारों की जरूरतों और समस्याओं को समझते हैं। उनकी सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि पिछली कांग्रेस सरकार प्रदेश को बदहाल स्थिति में छोड़कर गई थी, जबकि वर्तमान सरकार सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर काम कर रही है।
2824 करोड़ के 1013 विकास कार्यों की सौगात
बाछड़ाऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जोधपुर संभाग के आठ जिलों के लिए 2824 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 1013 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 2045 करोड़ रुपए से अधिक के 763 कार्यों का शिलान्यास और करीब 778 करोड़ रुपए के 250 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। ये परियोजनाएं सड़क, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा, कृषि और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित करने के साथ गांवों में युवाओं को ई-लर्निंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने की योजना भी है।
पेपर लीक को लेकर भी कांग्रेस को घेरा
शर्मा ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए पेपर लीक मामलों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के समय बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं को परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने अपनी सरकार की नीतियों को किसान, युवा, महिला और गरीब केंद्रित बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
कम बारिश वाले क्षेत्रों के लिए राहत की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने बाड़मेर और आसपास के कम वर्षा वाले क्षेत्रों के किसानों और पशुपालकों के लिए भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने गर्मी के दौरान शुरू की गई आकस्मिक पेयजल व्यवस्था और टैंकरों से जल परिवहन की सुविधा को 31 दिसंबर तक जारी रखने की बात कही। इसके साथ ही चारे की कमी वाले बाड़मेर, बालोतरा और जैसलमेर सहित प्रभावित इलाकों में चारा डिपो शुरू करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई, किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी, विधायक आदूराम मेघवाल, प्रियंका चौधरी, छोटू सिंह, प्रताप पुरी, हमीर सिंह भायल, अरुण चौधरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जनसभा के साथ मुख्यमंत्री ने बाड़मेर, बालोतरा और जैसलमेर के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद कर आगामी पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की।



