अग्रसेन क्विज, ‘किसमें कितना है दम’, रक्तदान शिविर और भजन क्लबिंग-कंसर्ट सहित 12 दिन तक होंगे विविध आयोजन
अजमेर। अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा श्री अग्रसेन की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अजमेर में 2 से 13 अक्टूबर तक 12 दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव आयोजित किया जाएगा। श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति के तत्वावधान में होने वाले समारोह में धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों के साथ रक्तदान शिविर, प्रतिभा सम्मान और विभिन्न प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
महोत्सव समिति के मुख्य संयोजक अशोक पंसारी, लोकेश अग्रवाल, विष्णु मंगल और शैलेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि 2 अक्टूबर को शाम 4 बजे केसरगंज से अग्र वाहन रैली के साथ कार्यक्रमों का आगाज होगा। समाजसेवी महेंद्र कुमार भेरुंदिया भगवा झंडी दिखाकर रैली को रवाना करेंगे। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए रैली में अधिक से अधिक ई-व्हीकल शामिल करने पर जोर रहेगा। युवा भगवा टी-शर्ट और महिलाएं भगवा पगड़ी पहनकर रैली में शामिल होंगी। शाम 5:30 बजे अंकुल गोयल के मुख्य आतिथ्य में अग्रवाल पाठशाला प्रांगण में ध्वजारोहण होगा।
खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की रहेगी धूम
3 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे महिलाओं और बालिकाओं के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। कौशल्या गर्ग और निशा गर्ग मुख्य अतिथि रहेंगी।
4 अक्टूबर को सुबह 7 बजे ‘मस्ती की पाठशाला’ में स्केटिंग, धीमी साइकिल रेस और सतौलिया जैसे खेल होंगे। कमलेश जैन (अग्रवाल) और रमा जैन मुख्य अतिथि रहेंगे। सुबह 9 बजे शतरंज तथा दोपहर 2:30 बजे महिला एवं बालिका सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भावना बंसल रहेंगी।
मुख्य संयोजक दिनेश प्रणामी और राकेश हटूका के अनुसार 5 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता और शाम 6:30 बजे श्री अग्रसेन मेला लगेगा। मेले में संजीव अग्रवाल एवं मुक्ता अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे।
अग्रसेन क्विज और म्यूजिकल हाउजी
6 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे श्री अग्रसेन क्विज और शाम 7:30 बजे म्यूजिकल हाउजी का आयोजन होगा। सत्यनारायण सिंघल (नए मंदिर वाले) मुख्य अतिथि रहेंगे।
7 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे कैरम प्रतियोगिता होगी। शाम 7:30 बजे प्रतिभा सम्मान समारोह एवं ‘हेलो जिंदगी’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पुणे के मोटिवेशनल स्पीकर द्वारका जालान और मुंबई के पार्श्व गायक संदीप पंचवाटकर विशेष आकर्षण होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राधेश्याम अग्रवाल रहेंगे।
अग्रसेन सर्किल पर महाआरती
मुख्य संयोजक विष्णु मंगल और राजेंद्र मित्तल ने बताया कि 8 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे पुरुष वर्ग की महाराजा अग्रसेन क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। हेमराज गोयल मुख्य अतिथि रहेंगे। शाम 6:30 बजे महाराजा अग्रसेन सर्किल पर महाआरती की जाएगी।
9 अक्टूबर को सुबह 7 बजे आगरा गेट गणेश मंदिर से प्रभात फेरी निकलेगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सीताराम बाजार, केसरगंज पहुंचकर संपन्न होगी। दोपहर 3 बजे महिला वर्ग की महारानी माधवी क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। इसमें सूरज नारायण गर्ग (कंदोई) मुख्य अतिथि रहेंगे।
10 अक्टूबर को विशाल रक्तदान शिविर
10 अक्टूबर को सुबह 9 बजे विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। मुकेश गोयल और नीलेश गोयल मुख्य अतिथि होंगे। शिविर में अग्रवाल समाज के साथ आमजन भी रक्तदान कर सकेंगे। इसी दिन शाम 7:30 बजे ‘किसमें कितना है दम’ कार्यक्रम होगा, जिसमें दिनेश गर्ग, रमेश गर्ग और सुरेश गर्ग मुख्य अतिथि रहेंगे।
11 अक्टूबर को शहर में निकलेगी शोभायात्रा
अशोक पंसारी और लोकेश अग्रवाल ने बताया कि जयंती महोत्सव के प्रमुख आयोजन के रूप में 11 अक्टूबर को शाम 4 बजे ब्ल्यू केसल, केसरगंज से महाराजा श्री अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से गुजरते हुए श्री अग्रसेन नगर पहुंचकर संपन्न होगी।
12 अक्टूबर को सुरेश गोयल के मुख्य आतिथ्य में भजन क्लबिंग एंड कंसर्ट का आयोजन होगा। इसके बाद 13 अक्टूबर को समाज बंधुओं की सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ 12 दिवसीय जयंती महोत्सव का समापन होगा।
आयोजन समिति ने अग्रवाल समाज के सभी परिवारों से 2 से 13 अक्टूबर तक होने वाले कार्यक्रमों में सपरिवार भागीदारी कर महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया है।



