पुष्कर से 8 अक्टूबर को शुरू होगी लोकमंथन यात्रा, 21 को झालावाड़ में समापन

3

अजमेर। लोकमंथन यात्रा राजस्थान के तृतीय चरण की शुरुआत 8 अक्टूबर को तीर्थराज पुष्कर से होगी। चित्तौड़ प्रांत के विभिन्न जिलों से गुजरने वाली यह यात्रा 21 अक्टूबर को झालावाड़ में संपन्न होगी। यात्रा के दौरान लोक संस्कृति, परंपरा, शिक्षा, साहित्य, संविधान और खेलों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यात्रा की शुरुआत 8 अक्टूबर को सुबह 8 बजे पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे वाहन रैली के रूप में यात्रा आदर्श विद्या निकेतन, पुष्कर मार्ग अजमेर पहुंचेगी, जहां स्वागत किया जाएगा। सुबह 11 बजे सावित्री कन्या महाविद्यालय में विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

दोपहर 1 बजे यात्रा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड पहुंचेगी। बोर्ड सभागार में अधिवक्ता परिषद और राजस्थान ह्यूमन रिसोर्सेज डेवलपमेंट फाउंडेशन (RHRD) के संयुक्त तत्वावधान में संगोष्ठी आयोजित होगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री मुख्य वक्ता होंगे, जबकि अध्यक्षता जगदीश सिंह राणा करेंगे। यात्रा का रात्रि विश्राम सरवाड़ के लल्लाई गांव में होगा।

इन स्थानों से गुजरेगी यात्रा

तीसरे चरण में यात्रा चित्तौड़ प्रांत में 9 अक्टूबर को जालिया-2 (ब्यावर), 10 को काछबली (राजसमंद), 11 को मजियावड़ी (उदयपुर), 12 को सलूम्बर-टोडा, 13 को डूंगरपुर-सिलोही, 14 को बांसवाड़ा-राखो, 15 को प्रतापगढ़-महुड़िया, 16 को लूणखेड़ा (चित्तौड़गढ़), 17 को भीलवाड़ा-पनोतिया, 18 को खटावदा (बूंदी), 19 को कोटा-कल्याणपुरा, 20 को बारां-रूपपुरा होते हुए 21 अक्टूबर को झालावाड़ के गुरांडी पहुंचेगी।

लोकमंथन यात्रा का पहला चरण 2 से 16 सितंबर तक जोधपुर प्रांत में रामदेवरा से डीडवानिया तक और दूसरा चरण 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जयपुर प्रांत में सांगानेर से चूरू तक आयोजित किया गया था।

यात्रा के संयोजक डॉ. सत्यनारायण कुमावत ने बताया कि राजस्थान के विभिन्न जिला केंद्रों में यात्रा का सामाजिक संगठनों की ओर से स्वागत किया जा रहा है। कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान में उल्लेखित ‘हम भारत के लोग’ की अवधारणा और उसके व्यापक अर्थ पर भी चर्चा की जा रही है। यात्रा संबंधी जानकारी के लिए 9414785558 पर संपर्क किया जा सकता है।