सजे-धजे ऊंटों, शाही घोड़ों और विदेशी मेहमानों से गुलजार हुआ पुष्कर मेला

0

अजमेर/पुष्कर। राजस्थान की लोक संस्कृति, पशु परंपरा और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला-2026 इन दिनों पूरे शबाब पर है। पुष्कर के रेतीले मैदानों में सजे-धजे ऊंटों, आकर्षक घोड़ों, रंग-बिरंगी राजस्थानी पोशाकों और विदेशी सैलानियों की मौजूदगी ने मेले की रौनक बढ़ा दी है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी पर्यटक यहां पहुंचकर राजस्थान की ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली का अनुभव कर रहे हैं।

17 से 24 नवंबर तक आयोजित हो रहे मेले में इस बार ऊंटों की आवक ने विशेष आकर्षण पैदा किया है। पिछले पांच वर्षों में इस बार सबसे अधिक करीब 3,800 ऊंट मेले में पहुंचे हैं। अंतरराज्यीय आवागमन संबंधी प्रतिबंधों में ढील और पशुपालकों की बढ़ी भागीदारी को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है। इससे परंपरागत पशु व्यापार को भी नई गति मिली है।

मेले में पशुपालक अपने ऊंटों को रंगीन कपड़ों, पारंपरिक आभूषणों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित कर ला रहे हैं। ऊंट नृत्य, ऊंट दौड़ और पशुओं की विभिन्न प्रतियोगिताएं पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनी हुई हैं। वहीं मारवाड़ी नस्ल के घोड़ों की शानदार कद-काठी, चाल और नस्ल को लेकर भी घोड़ा प्रेमियों में खास उत्साह है। कुछ घोड़ों की करोड़ों रुपये तक बताई जा रही कीमतों ने भी मेले को चर्चा में ला दिया है।

विदेशी पर्यटक ले रहे राजस्थानी खेलों का आनंद

इस बार मेले की खासियत यह भी है कि विदेशी पर्यटक केवल दर्शक बनकर नहीं रह रहे, बल्कि स्थानीय लोगों के साथ राजस्थान के पारंपरिक ग्रामीण खेलों में भी हिस्सा ले रहे हैं। लगड़ी टांग, सतोलिया, गिल्ली-डंडा, कबड्डी, वॉलीबॉल और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा साफा बांधने, मूंछ प्रतियोगिता, महिलाओं की मटका दौड़ और म्यूजिकल चेयर जैसे आयोजन भी पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं।

शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल

मेले के दौरान 20 से 23 नवंबर तक शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है। यहां राजस्थान के पारंपरिक व्यंजनों के साथ हस्तशिल्प, लोक कलाओं और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। रबड़ी-मालपुआ, दाल-बाटी चूरमा, कचौड़ी और ऊंटनी के दूध की चाय जैसे पारंपरिक स्वाद भी पर्यटकों के आकर्षण का हिस्सा बने हुए हैं। इससे स्थानीय शिल्पकारों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर मिल रहा है।

विकास प्रदर्शनी का हुआ शुभारंभ

पुष्कर मेला 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। पुष्कर नगर परिषद के सभापति राजेन्द्र बाकोलिया, उप सभापति लक्ष्मी पाराशर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामप्रकाश, प्रशिक्षु आईएएस अर्णव आनन्द गुप्ता एवं मेला अधिकारी डॉ. नवीन परिहार ने फीता काटकर प्रदर्शनियों का शुभारंभ किया। विकास प्रदर्शनी में विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ उपलब्धियां को भी प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी के उद्घाटनकर्ताओं ने प्रदर्शनी में विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। पशुपालन विभाग की प्रदर्शनी में पशुपालकों की जानकारी को जगह दी गई है। यहां गौकाष्ठ के बारे मेंं जानकारी दी जा रही है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी में राज्य तथा जिले में हुए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। यह प्रदर्शनी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। राजीविका की महिलाओं के द्वारा उत्पादित सामग्री के बारे में अतिथियों को अवगत कराया गया। इनके द्वारा उत्पादित सामग्री उच्च गुणवत्ता युक्त एवं बाजार से कम दरों पर उपलब्ध है।

अग्रणी जिला प्रबंधक की स्टाल में वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग योजनाओं, अटल पेंशन योजना, सुरक्षा बीमा योजना एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण की जानकारी दी जा रही है। पुलिस विभाग द्वारा साइबर सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी जा रही है। जलसंसाधन विभाग की स्टॉल में मोर सागर बांध एवं राम जल सेतु परियोजना के बारे में आमजन को अवगत कराया जा रहा है।

इसी प्रकार कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा कृषि विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा अनुदानित योजनाओं जैसे तारबंदी, फार्म पौंड, कृषि यंत्र, ड्रिप एवं मिनी स्पि्रंकलर सिंचाई पद्धति, फूलों एवं फलदार वृक्ष बगीचे, प्रमाणित बीज़ किट, प्याज भण्डारण, सोलर सिस्टम, ग्रीन हाऊस, लो टनल इत्यादि के सजीव प्रदर्शन किया गया।

मेला आयोजन में है हिन्दुस्तान जिंक की महत्वपूर्ण भूमिका

राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का उत्सव मनाते हुए, राजस्थान सरकार द्वारा हिंदुस्तान जिंक के सहयोग से पुष्कर मेला महोत्सव के दौरान 22 और 23 नवंबर को सांस्कृतिक और बॉलीवुड नाइट का आयोजन किया जाएगा। प्रसिद्ध कलाकारों अमित मिश्रा और स्वरूप खान की शानदार प्रस्तुतियों ने इस समारोह में अपनी प्रस्तुति दी जाएगी।

अजमेर क्षेत्र के प्रति कंपनी की यह प्रतिबद्धता केवल सांस्कृतिक पहलों तक ही सीमित नहीं है। कंपनी के सीएसआर कार्यक्रमों से राज्य के 4100 से अधिक गांवों के 26 लाख से ज्यादा लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। इसमें शिक्षा, कौशल विकास, स्थायी आजीविका, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण और खेल के क्षेत्र में किए गए कार्य शामिल हैं।

लोक संगीत और धार्मिक आयोजनों से बढ़ेगी रौनक

पुष्कर मेले की शामें भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार हैं। राजस्थान सहित दूसरे राज्यों के लोक कलाकार संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर रहे हैं। दूसरी ओर पुष्कर सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को पवित्र स्नान, महाआरती और दीपदान के विशेष आयोजन होंगे।

पुष्कर मेला अब केवल पशुओं की खरीद-बिक्री का पारंपरिक केंद्र नहीं रह गया है, बल्कि धार्मिक पर्यटन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, लोक कला, हस्तशिल्प और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को जोड़ने वाला बड़ा आयोजन बन चुका है। यही वजह है कि हर साल देश-विदेश के पर्यटकों के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बनी हुई है।