अजमेर में स्पेशल टास्क फोर्स ने अवैध बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा

0

अजमेर। अजमेर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। अजमेर जिला पुलिस और सीआईडी जोन की विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दरगाह बाजार क्षेत्र से एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, विशेष टीम को संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद सूचना का सत्यापन करने के साथ तकनीकी संसाधनों और क्षेत्र में सघन जांच के आधार पर कार्रवाई की गई। टीम ने दरगाह बाजार क्षेत्र से संदिग्ध युवक को पकड़ा और पूछताछ की।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहम्मद रफिकुल इस्लाम उर्फ सुमन (27) बताया। उसने अपना मूल निवास ग्राम हेराकांदी, थाना खलियाजुरी, जिला नेत्रोकोना, बांग्लादेश बताया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में उसके भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने की बात सामने आई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर पश्चिम बंगाल के बेनापोल बॉर्डर के रास्ते बिना वैध दस्तावेजों के भारत में प्रवेश किया और इसके बाद अजमेर पहुंचकर रहने लगा। अब पुलिस उसके अजमेर पहुंचने, यहां रहने के दौरान उसकी गतिविधियों और संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही है।