रेलवे में एनटीपीसी स्नातक स्तर के 3,548 पदों पर भर्ती, आवेदन प्रक्रिया शुरू

0

मालगाड़ी प्रबंधक के 2,750 पद शामिल, 6 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन का मौका

नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (एनटीपीसी) के स्नातक स्तर के 3,548 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना संख्या CEN 06/2026 के तहत होने वाली इस भर्ती में चार श्रेणियों के पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

भर्ती में मालगाड़ी प्रबंधक के सर्वाधिक 2,750 पद हैं। इसके अलावा वरिष्ठ लिपिक सह टाइपिस्ट के 371, कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट के 300 और मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक के 127 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

चार श्रेणियों में होंगी नियुक्तियां

आरआरबी की अधिसूचना के अनुसार पदवार रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है—

मालगाड़ी प्रबंधक : 2,750 पद

वरिष्ठ लिपिक सह टाइपिस्ट : 371 पद

कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट : 300 पद

मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक : 127 पद

इस भर्ती के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष योग्यता आवश्यक है। निर्धारित आयु सीमा 1 जनवरी 2027 को 18 से 33 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

29,200 से 35,400 रुपये तक शुरुआती वेतन

वेतनमान के अनुसार मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक का पद पे-लेवल 6 में है, जिसका शुरुआती मूल वेतन 35,400 रुपये प्रतिमाह है। अन्य तीन पद पे-लेवल 5 के अंतर्गत हैं, जिनका शुरुआती मूल वेतन 29,200 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। इसके अतिरिक्त नियमानुसार देय भत्ते भी मिलेंगे।

कंप्यूटर आधारित परीक्षा से होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा के चरणों, दस्तावेज सत्यापन और संबंधित पद के लिए निर्धारित चिकित्सा परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। वरिष्ठ लिपिक सह टाइपिस्ट और कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट पदों के लिए टाइपिंग स्किल टेस्ट से संबंधित प्रावधानों की जानकारी अभ्यर्थी विस्तृत अधिसूचना में देख सकते हैं।

आवेदन और शुल्क की तारीखें

ऑनलाइन आवेदन 8 अक्टूबर से शुरू हुए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक है। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 8 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अवधि 9 से 18 नवंबर तक निर्धारित की गई है।

इच्छुक अभ्यर्थी आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट https://rrbapply.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और दिशा-निर्देश रेलवे भर्ती बोर्ड की वेबसाइट https://rrb.indianrailways.gov.in पर उपलब्ध हैं।

अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अधिसूचना में दिए गए पदवार पात्रता मानदंड, आयु सीमा, शुल्क और चयन प्रक्रिया की जांच करने की सलाह दी गई है।