नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में बुधवार को एक रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग उद्यम फिश पॉइंट रेस्टोरेंट की रसोई में लगी और कुछ ही देर में धुआं पूरे परिसर में फैल गया। स्थिति बिगड़ती देख रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिल की खिड़कियों का सहारा लिया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग रेस्टोरेंट की ऊपरी मंजिल की खिड़की से नीचे कूदते दिखाई दे रहे हैं। इनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल बताए जा रहे हैं। अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में भी हड़कंप मच गया।
धुआं भरने पर खिड़की से निकले लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रसोई में आग लगने के बाद तेजी से धुआं फैलने लगा। रेस्टोरेंट के अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल होने लगा। ऐसे में कुछ लोगों ने ऊपरी मंजिल की खिड़की से नीचे उतरने की कोशिश की।
वीडियो में लोग खिड़की से नीचे छलांग लगाते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
दमकल की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की एक गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने भी आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने में तत्परता दिखाई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
हादसे में जनहानि की सूचना नहीं
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आग से रेस्टोरेंट के भीतर कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन भी किया जा रहा है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में जिस तरह लोग खिड़की से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं, उससे आग के दौरान रेस्टोरेंट के अंदर पैदा हुई स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।



