जयपुर। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को बुधवार सुबह सुरक्षा संबंधी अलर्ट के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। बोइंग 787-9 विमान से संचालित AI2030 ने जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की। विमान को तत्काल आइसोलेशन बे में ले जाकर सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।
सूत्रों के मुताबिक विमान में करीब 300 यात्री सवार थे। बम की धमकी की सूचना मिलने के बाद विमान को दिल्ली के बजाय जयपुर भेजने का निर्णय लिया गया। जयपुर एयरपोर्ट पर विमान उतरने के बाद यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा जांच की जा रही है।
पायलट ने इस्तेमाल किया स्क्वाक कोड 7500
मामले में एक अहम जानकारी यह भी सामने आई है कि विमान जब मुंबई फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन (FIR) में उड़ रहा था, उस दौरान पायलट की ओर से स्क्वाक कोड 7500 सक्रिय किया गया। विमानन क्षेत्र में यह कोड हाईजैकिंग या विमान में गैर-कानूनी हस्तक्षेप की स्थिति का संकेत माना जाता है।
हालांकि, शुरुआती जानकारी में यह भी कहा जा रहा है कि हाईजैक अलर्ट कोड संभवतः गलती से सक्रिय हुआ हो सकता है। इस संबंध में अभी आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। इसलिए सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए विमान की जांच कर रही हैं।
जयपुर में सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा
मालवीय नगर के सहायक पुलिस आयुक्त शिव दयाल के अनुसार एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस को विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी दी थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
विमान को आइसोलेशन बे में रखकर जांच की जा रही है। यात्रियों और उनके सामान की फिजिकल स्क्रीनिंग तथा सिक्योरिटी प्रोफाइलिंग भी की जा रही है। एयरपोर्ट परिसर में एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) की टीमों ने भी मोर्चा संभाला है।
नेशनल सिक्योरिटी गार्ड भी अलर्ट पर
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नई दिल्ली में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) को भी स्टैंडबाय पर रखे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, विमान में वास्तव में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिला है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
रात में फ्रैंकफर्ट से भरी थी उड़ान
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की यह उड़ान मंगलवार रात करीब 9:15 बजे फ्रैंकफर्ट से रवाना हुई थी और बुधवार सुबह करीब 10:40 बजे दिल्ली पहुंचने का निर्धारित समय था। दिल्ली पहुंचने से पहले सुरक्षा अलर्ट के चलते विमान का रूट बदला गया और उसे जयपुर उतारा गया।
फिलहाल एयर इंडिया और एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। सुरक्षा जांच पूरी होने और विमान को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।




