दिल्ली में तिरंगा यात्रा को लेकर सख्ती, अभिजीत दीपके और नेहा बोरा हिरासत में; कनॉट प्लेस पुलिस छावनी में तब्दील

0

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में तिरंगा यात्रा निकालने को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल और आउटर सर्किल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, तिरंगा यात्रा के लिए निकले अभिजीत दीपके और नेहा बोरा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि प्रस्तावित यात्रा के लिए आयोजकों को अनुमति नहीं दी गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिजीत दीपके को उनके घर से बाहर निकलते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से कार्रवाई का कारण पूछा। पुलिस ने इसे एहतियाती कार्रवाई बताते हुए कहा कि उन्हें प्रस्तावित स्थल पर जाने की अनुमति नहीं है।

दीपके ने सवाल उठाया कि जब वह कानून नहीं तोड़ रहे हैं और अकेले जा रहे हैं, तो उन्हें क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने पुलिस से यह भी कहा कि वह संबंधित स्थान पर जा ही नहीं रहे हैं। इधर, नेहा बोरा को मंडी हाउस से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। तिरंगा यात्रा से जुड़े अन्य कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर भी पुलिस नजर रख रही है।

कनॉट प्लेस में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

तिरंगा यात्रा को देखते हुए कनॉट प्लेस में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इनर, मिडिल और आउटर सर्किल के साथ सेंट्रल पार्क के प्रवेश द्वारों पर पुलिसकर्मियों और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल हैं।

दुकानों, पार्किंग स्थलों, फुटपाथों और पार्क के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात नजर आए। पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि बिना अनुमति कोई जुलूस या सामूहिक गतिविधि आयोजित न हो सके।

नारेबाजी करने वालों को हिरासत में ले रही पुलिस

मिली जानकारी के अनुसार कनॉट प्लेस के इनर सर्किल में तिरंगा यात्रा निकालने और नारेबाजी करने की कोशिश कर रहे लोगों को पुलिस हिरासत में ले रही है। कुछ लोग कथित तौर पर अलग-अलग रास्तों से इनर सर्किल में पहुंचकर तिरंगा लहराने और नारे लगाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को तत्काल रोककर हिरासत में लिया जा रहा है।

पुलिस किसी को भी पूरे क्षेत्र में घूमते हुए यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दे रही है। इसके चलते कनॉट प्लेस में सुरक्षा व्यवस्था सख्त बनी हुई है। हालांकि, हिरासत में लिए गए सभी लोगों की कुल संख्या और आगे की कानूनी कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी की पुष्टि होना बाकी है।